मंगल, 10 नव. 2026

CGKhabar

सीवर सफाई में मरने वाले मजदूरों के पास कोई सुरक्षा उपकरण नहीं - सरकार

सीवर या टैंक सफाई में बिना किसी सुरक्षा उपायों के चलते मजदूरों की मौत

C

CG Khabar

23 जुल. 2025, 01:20 PM 4 मिनट में पढ़ें 17

सीवर सफाई में मजदूरों की मौत
सीवर सफाई में मजदूरों की मौत

नई दिल्ली | डेस्कः देश भर में सीवर और सेप्टिक टैंकों की सफ़ाई करने वाले अधिकांश मजदूर बिना किसी सुरक्षा उपकरणों के काम करते हैं. जिन मजदूरों ने सफाई के दौरान मौत हुई, उनमें से 90 प्रतिशत से ज्यादा श्रमिकों के पास किसी तरह के सुरक्षा उपकरण या पीपीई किट नहीं थे. 


यह ख़तरनाक सच्चाई केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में कराए गए एक सामाजिक ऑडिट में निकलकर सामने आयी है. 

विज्ञापन


हैरत की बात है कि जिन मामलों में उनके पास कुछ सुरक्षा उपकरण थे भी, वे सिर्फ़ एक जोड़ी दस्तानों और गमबूट तक ही सीमित थे. जबकि कानून के अनुसार बिना किन्हीं सुरक्षा उपकरणों के सीवर या सेप्टिक टैंकों की सफाई करना प्रतिबंधित है.


केंद्र सरकार द्वारा मंगलवार को संसद में पूछे गये सवाल के जवाब में इस ऑडिट रिपोर्ट को सार्वजनिक किया गया. दरअसल सितंबर 2023 में सामाजिक न्याय मंत्रालय ने खतरनाक सफाई से होने वाली मौतों पर एक अध्ययन शुरू किया, जिसमें 2022 और 2023 में आठ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 17 जिलों में हुई 54 ऐसी मौतों से जुड़ी परिस्थितियों का विश्लेषण किया गया.


सरकारी आंकड़ों से पता चलता है कि 2022 और 2023 में खतरनाक सफाई के कारण देश भर में 150 लोगों की मौत हुई.


इस ऑडिट में नियुक्ति तंत्र, सुरक्षा उपकरणों के उपयोग, संस्थागत व्यवस्था, पीपीई किट की उपलब्धता, त्वरित प्रतिक्रिया तत्परता और उपकरण तथा मैनुअल स्कैवेंजिंग पर प्रतिबंध लगाने वाले कानून के बारे में जागरूकता की जांच की गई.


कानूनन प्रतिबंध

देश में पहली बार 1993 में मैला ढोने की प्रथा पर प्रतिबंध लगाया गया था. इसके बाद 2013 में कानून बनाकर इस पर पूरी तरह से बैन लगाया गया. हालांकि आज भी कुछ हिस्सों में मैला ढोने की प्रथा मौजूद है.


मैनुअल स्कैवेंजिंग एक्ट 2013 के तहत किसी भी व्यक्ति को सीवर में भेजना पूरी तरह से प्रतिबंधित है. अगर किसी विषम परिस्थिति में सफाईकर्मी को सीवर के अंदर भेजा जाता है तो इसके लिए 27 तरह के नियमों का पालन करना होता है. हालांकि इन नियमों के लगातार उल्लंघन के चलते आए दिन सीवर सफाई के दौरान श्रमिकों की जान जाती है.


किसी भी तरह का उपकरण या प्रशिक्षण नहीं

रिपोर्ट के अनुसार, जांच की गई 54 मौतों में से 49 मामलों में मज़दूरों ने कोई सुरक्षा उपकरण नहीं पहने थे. पांच मामलों में, उन्होंने सिर्फ़ दस्ताने पहने हुए थे, और एक मामले में दस्ताने और गमबूट पहने हुए थे.


ऑडिट रिपोर्ट में कहा गया है कि 47 मामलों में सीवर और सेप्टिक टैंकों की सफाई के लिए कोई भी मशीनी उपकरण और सुरक्षा उपकरण कर्मचारियों को उपलब्ध नहीं कराए गए थे.


केवल दो ऐसे मामलों की पहचान हुई, जहां ये उपकरण उपलब्ध कराए गए थे और केवल एक ही ऐसा था जहां आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया था.


ऑडिट में उल्लेख किया गया है कि इनमें से 45 मौतों में यह पाया गया कि ऐसा काम करने वाली संबंधित एजेंसी की ओर से अभी भी कोई उपकरण तैयार नहीं है.


मौतों के बाद जागरूकता अभियान केवल सात मामलों में ही चलाए गए और वे भी केवल आंशिक रूप से पूरे हुए. ऐसे अभियान तमिलनाडु के चेन्नई और कांचीपुरम और महाराष्ट्र के सतारा जिले में चलाए गए.


बिना सहमति और जानकारी के

सोशल ऑडिट के अनुसार, 27 मामलों में श्रमिकों से कोई सहमति नहीं ली गई. साथ ही, जिन 18 मामलों में श्रमिकों से लिखित सहमति ली गई थी, उनमें भी उन्हें काम में शामिल जोखिमों के बारे में नहीं बताया गया था.


अध्ययन में पाया गया कि 38 मामलों में मज़दूरों को व्यक्तिगत रूप से अनुबंधित किया गया था. पांच मामलों में मज़दूर सरकारी एजेंसी में कार्यरत थे और तीन मामलों में वे सार्वजनिक क्षेत्र में कार्यरत थे, लेकिन जब उनकी मृत्यु हुई, तब उन्हें निजी नियोक्ताओं द्वारा उस विशेष कार्य के लिए काम पर रखा गया था, जिसे वे कर रहे थे.


सामाजिक न्याय मंत्रालय ने लोकसभा में कांग्रेस सांसद प्रणीति सुशील कुमार शिंदे के एक प्रश्न का उत्तर देते हुए बताया कि उसने जुलाई 2023 में सीवर और सेप्टिक टैंक की खतरनाक सफाई करने वाले कर्मचारियों और कचरा बीनने वालों की समस्या के समाधान के लिए नमस्ते योजना शुरू कर दी है. 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
गुरपतवंत सिंह पन्नू - वांछित खालिस्तानी अलगाववादी
देश-विदेश

US कोर्ट ने पन्नू को डोभाल-गोयल तक न्यायिक नोटिस भेजने की दी हरी झंडी, भारत ने बताया फर्जी याचिका

एक घंटा पहले

शेख हसीना- पूर्व प्रधानमंत्रा बांग्लादेश
देश-विदेश

बांग्लादेश में हिंसा: शेख हसीना की वापसी की खबर के बाद उपद्रव, कई वाहन फूंकने से एक की मौत

एक घंटा पहले

गिरफ्तार
देश-विदेश

DRI ने पकड़ा 6.642 किग्रा एम्फेटामाइन, जमानत पर छूटा तस्कर फिर गिरफ्तार

2 घंटे पहले

शुभेंदु अधिकारी- मुख्यमंत्री पश्चिम बंगाल
देश-विदेश

19 साल बाद खुलेगी नंदीग्राम के 'रक्तपात' की फाइल: मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का ऐलान

6 घंटे पहले

DNA Test- Symbolic Photo
देश-विदेश

हरक सिंह रावत पितृत्व विवाद: 23 साल पुराना मामला फिर गर्म, DNA टेस्ट पर सियासत तेज

7 घंटे पहले

TATA Electronics- Tamilnadu
देश-विदेश

तमिलनाडु में टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स की फैक्ट्री में हादसा, पानी की टंकी में दम घुटने से 3 मजदूरों की मौत

7 घंटे पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP