यह सिर्फ घटना नहीं, बर्बर हत्या है- जाह्नवी कपूर
मुंबई । डेस्क: बांग्लादेश के मैमनसिंह में 25 वर्षीय हिंदू युवक दीपु चंद्र दास की नृशंस हत्या को लेकर पड़ोसी देश से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक चिंता और आक्रोश का माहौल है. इसी बीच बॉलीवुड अभिनेत्री जाह्नवी कपूर ने इस घटना पर खुलकर प्रतिक्रिया दी है. सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक संक्षिप्त लेकिन तीखे पोस्ट में उन्होंने इस हत्या को “बर्बरता” करार देते हुए मानवता और समाज की खामोशी पर गंभीर सवाल उठाए हैं.
जाह्नवी कपूर ने अपने बयान में कहा कि बांग्लादेश में जो कुछ हो रहा है, उसे किसी एक-आध घटना के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस मामले की सच्चाई जानें, वीडियो देखें और सवाल पूछें. अभिनेत्री का कहना था कि अगर इतनी भयावह घटनाओं के बाद भी लोगों के भीतर गुस्सा और बेचैनी पैदा नहीं होती, तो यही उदासीनता समाज को अंदर से खोखला कर देगी.
उन्होंने यह भी कहा कि अक्सर लोग दूर-दराज़ के देशों में होने वाले मानवाधिकार उल्लंघनों पर तो आवाज़ उठाते हैं, लेकिन अपने आसपास हो रही क्रूरता पर चुप्पी साध लेते हैं. जाह्नवी के मुताबिक यही सबसे बड़ी विडंबना और पाखंड है. उन्होंने हर तरह की कट्टरता पर सवाल उठाने की जरूरत बताते हुए कहा कि अगर अब भी नहीं चेते गए, तो इंसानियत का अर्थ ही भूलते चले जाएंगे.
गौरतलब है कि मैमनसिंह में दीपु चंद्र दास पर ‘धर्म अपमान’ के आरोप में भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या किए जाने और बाद में शव जलाने का आरोप है. इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया था और सड़क यातायात तक बाधित हो गया. इस मामले ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है.
फिल्मी मोर्चे पर जाह्नवी कपूर का साल 2025 काफी व्यस्त रहा है. उनकी कई फिल्में रिलीज़ हुई हैं, जिनमें ‘परम सुंदरी’, नीरज घेवाण की प्रशंसित और ऑस्कर-शॉर्टलिस्टेड फिल्म ‘होमबाउंड’ और ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ शामिल हैं. लेकिन पेशेवर उपलब्धियों के साथ-साथ सामाजिक और मानवीय मुद्दों पर स्पष्ट रुख अपनाना भी उनके लिए उतना ही अहम है, यह इस प्रतिक्रिया से साफ हो गया है.
इस घटना पर जाह्नवी कपूर की टिप्पणी ने सोशल मीडिया से लेकर आम लोगों के बीच नई बहस छेड़ दी है. सवाल अब भी कायम है धर्म के नाम पर होने वाली ऐसी हिंसा कब रुकेगी और क्या मानवता के पक्ष में उठी यह आवाज़ समाज को झकझोर पाएगी?