कुंभ जा रहे श्रद्धालुओं का घर साफ कर रहे चोर
छत्तीसगढ़ कुंभ जा रहे श्रद्धालुओं का घर साफ कर रहे चोर
रायपुर | डेस्कः पुण्य लाभ लेने गये श्रद्धालुओं के सूने घरों पर चोर हाथ साफ कर रहे हैं. जिस तरह से देश भर से श्रद्धालु प्रयागराज पहुंच रहे हैं उसी तरह से देशभर से खबरें आ रही हैं कि मौका पाकर चोर श्रद्धालुओं के घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं.
रायपुर में ऐसा ही एक मामला सामने आया है. आमानाका सन सिटी निवासी एसआई अशोक मिश्रा सपरिवार 31 जनवरी को प्रयागराज गए थे. गंगा स्नान के बाद वहीं से वे रिश्तेदार के घर चले गए.
बीते शुक्रवार को जब वे परिवार के साथ घर लौटे तो श्रद्धा से ओतप्रोत मिश्रा परिवार को गहरी चोट पहुंची.
मेन गेट का ताला टूटा देख उन्हें अनहोनी की आशंका हुई और जांच करने पर पता चला कि घर में सुरक्षित रखा गहना और कैश गायब है.
पुलिस जांच कर रही है
प्रयागराज गए एसआई के सूने मकान का ताला तोड़कर चोर आलमारी और लॉकर में रखे 10 लाख से ज्यादा के जेवर व कैश लेकर फरार हो गए.
14 दिन बाद जब एसआई का परिवार लौटा तब चोरी का पता चला. इसके बाद पुलिस में शिकायत की गई. पुलिस उनके घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच कर रही है.
पुलिस को शक है कि रेकी करने के बाद चोरी की गई है. इस घटना से द्रवित एसआई अशोक मिश्रा के परिवार को कहां पता था कि गंगा में डुबकी लगाने के बाद गम में डूबना पड़ेगा.
कुंभ से लौटने पर चोरी का पता चला
इसी तरह श्रद्धालु कुकुरबेडा आमानाका निवासी नंदा तिवारी 7 फरवरी को परिवार सहित पुण्यलाभ के लिए कुंभ स्नान करने प्रयागराज गये हुए थे.
तीन दिन बाद 10 फरवरी की सुबह जब वह वापस घर पहुंचे तो देखा कि घर का सामान बिखरा हुआ है और पीछे का दरवाजा खुला हुआ है.
स्टील की आलमारी टूटी हुई है. घर में सहेजकर रखा गया सोना चांदी और 70,000 नगदी गायब है. तिवारी परिवार ने सरस्वती थाने में रपट लिखवा दी है. पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी हुई है.
चोरी के बाद चोर भी कुंभ पहुंच गये
पिछले दिनों इसी तरह का एक मामला डोंगरगढ़ में देखने को मिला कि चोरों ने कुंभ नहाने गये परिवार के सूने घर में 7 लाख की सेंधमारी कर दी.
उधर श्रद्धालु परिवार गंगा में डुबकी लगा रहा था इधर चोर मौका पाकर घर की तिजोरी साफ कर रहे थे.
पुलिस जांच में पता चला कि गगन मोटर्स के यहां हुई 7 लाख की चोरी करने वाले चोर भी सेंधमारी के बाद पुण्यलाभ के लिए ट्रेन में बैठकर प्रयागराज निकल लिये.
कुंभ में दिल खोलकर चोरों ने खर्च किया.
पुलिस के अनुसार, इन लोगों ने वहां कुंभ स्नान, गंगा आरती, महंगे होटलों में खाना और मस्ती के नाम पर पैसे उड़ाने के बाद नागपुर लौट आए.
चोरी की वारदात के बाद जांच में जुटी पुलिस ने कुंभ यात्रा के बाद नागपुर लौटे आरोपियों को धरदबोचा. आरोपियों के पास से 4 लाख 37 हजार रुपये बरामद हुए.
चोरी कबूलते हुए चोरों ने कहा कि बाकी पैसे प्रयागराज में खर्च हो गये.