Indo-US Tread Deal के खिलाफ देशभर में होगा किसान आंदोलन- राहुल गांधी
नई दिल्ली । डेस्क: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को संसद भवन परिसर में देशभर के किसान संघों के नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक की. इस बैठक का मुख्य उद्देश्य भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते का विरोध करना और किसानों व खेतिहर मजदूरों की आजीविका की रक्षा के लिए एक राष्ट्रव्यापी आंदोलन की रणनीति तैयार करना था.
कांग्रेस द्वारा जारी बयान के अनुसार, किसान नेताओं ने इस व्यापार सौदे पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे मक्का, सोयाबीन, कपास, फल और मेवों की खेती करने वाले किसानों के हितों को भारी नुकसान पहुंचेगा.
बैठक के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि इस समझौते ने कृषि उत्पादों के आयात के द्वार खोल दिए हैं और जल्द ही अन्य फसलें भी इसकी चपेट में आ जाएंगी.
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर "किसान विरोधी" होने और इस व्यापार सौदे के जरिए देश के हितों से समझौता करने का आरोप लगाया.
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर स्पष्ट किया कि सरकार चाहे उन पर मुकदमे चलाए या विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव लाए, वे किसानों के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे.
बैठक में अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के प्रमुख सुखपाल सिंह खैरा सहित हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के विभिन्न किसान संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए, जिन्होंने खाद्य सुरक्षा और किसानों की आजीविका को बचाने के लिए बड़े स्तर पर संघर्ष करने पर सहमति जताई.