न्यायपालिका पर छत्तीसगढ़ खर्च करता है महज 0.37 %
छत्तीसगढ़ के न्यायिक ढांचे में सुधार की दरकार, विचाराधीन कैदी सालों से बंद
रायपुर | ममता मानकरः देश में अधिकांश लोगों को न्याय पाने में एक उम्र क्यों गुजर जाती है? असल में जिस पुलिस को मामलों की जांच करनी होती है और जिन अदालतों को न्याय देना होता है, उसे मज़बूत करने, उसकी अधोसंरचना में विस्तार करने की कोई दूरगामी महत्वपूर्ण कोशिश वर्षों से नहीं हुई है.
आप केवल इस एक उदाहरण से अनुमान लगा सकते हैं कि छत्तीसगढ़ जैसे राज्य में न्यायपालिका का बजट, कुल बजट का महज 0.37 प्रतिशत है.
इसके बवजूद छत्तीसगढ़ की न्यायपालिका की देश में छठवीं रैकिंग है.
लोकतंत्र के चार स्तंभ कहे जाते हैं. इन चारों स्तंभों में आज भी जनता का सर्वाधिक भरोसा न्यायपालिका पर है.
लेकिन न्यायपालिका, पुलिस, क़ानूनी सहायता और जेल को केंद्र में रख कर तैयार की गई, हाल ही में आई इंडिया जस्टिस रिपोर्ट 2022 की पड़ताल बताती है कि न्यायपालिका के मामले में सत्ता, इसे बेहतर करने की दिशा में कोई नीति निर्माण नहीं कर पा रही है. पुलिस का भी यही हाल है.
इंडिया जस्टिस रिपोर्ट के अनुसार छत्तीसगढ़ में पुलिस बल की कमी और प्रशिक्षण संबंधी चुनौतियाँ बनी हुई हैं. जनसंख्या के अनुपात में पुलिस कर्मियों की संख्या राष्ट्रीय औसत से कम है.
साथ ही महिला पुलिस कर्मियों की संख्या के मामले में भी सुधार की गुंजाइश है. इंडिया जस्टिस रिपोर्ट के अनुसार छतीसगढ़ को पुलिस रैंकिंग में 9 वहीं स्कोरिंग के मामले में 10 में से 5.88 अंक दिया गया है.
देश में लगभग 21 लाख की संख्या वाले बल के लिए प्रशिक्षण पर कुल खर्च 2,253 करोड़ रूपये है. इसका मतलब प्रति पुलिस कर्मी का राष्ट्रीय औसत खर्च मात्र 9000 रूपये है.
इंडिया जस्टिस रिपोर्ट के अनुसार बड़े और मध्यम आकार के राज्य में छतीसगढ़ की रैंकिंग 10 में से 5.88 है.
पुलिस बजट की बात करें तो छतीसगढ़ में पुलिस बजट 4,897.61 (करोड़) है. छतीसगढ़ में प्रति पुलिस प्रशिक्षण पर 5,179 रुपये खर्च किया जाता है, जो राष्ट्रीय औसत 9 हज़ार की तुलना में बहुत कम है.
कुल बजट में प्रशिक्षण का हिस्सा 1.28 प्रतिशत है और चिंताजनक ये है कि यह बजट भी उपयोग नहीं हो पाता. इंडिया जस्टिस रिपोर्ट के अनुसार केवल 53.5 फीसदी बजट प्रशिक्षण पर खर्च हो पाया.
इंडिया जस्टिस रिपोर्ट में छत्तीसगढ़ की न्यायपालिका की रैंकिंग 6 है और स्कोर 6.14 है.
छत्तीसगढ़ में जजों की संख्या और बुनियादी ढांचे की स्थिति देश के औसत से नीचे है. प्रति 10 लाख जनसंख्या पर जजों की संख्या राष्ट्रीय औसत लगभग 19 से कम है, और लंबित मामलों की संख्या भी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है.
हालांकि न्यायपालिका रैंकिंग में छतीसगढ़ का स्कोर 6.16 है, लेकिन देश भर में राज्य को छठवीं रैंक मिली है.
बजट की बात करें तो वित्त्तीय दायित्य का बड़ा हिस्सा राज्यों का है, जबकि केंद्र लगभग 10 प्रतिशत का योगदान देता है.
रिपोर्ट से पता चलता है कि दो केंद्र शासित प्रदेशों, दिल्ली और चंडीगढ़ को छोड़कर कोई भी राज्य न्यायपालिका पर अपने कुल वार्षिक व्यय का 1% से अधिक खर्च नहीं करता है.
उदाहरण के लिए पंजाब 0.8 प्रतिशत, उत्तर प्रदेश 0.6 प्रतिशत, झारखंड 0.6 प्रतिशत और छतीसगढ़ 0.37 प्रतिशत ही खर्च करतेअदालतों में लंबित मामले
नेशनल ज्यूडीशियल डाटा ग्रिड के अनुसार पिछले 1 साल तक अदालतों में 1,63,697 मामले लंबित हैं. इनमें क्रिमिनल मामलों की संख्या 1,27,596 जबकि सिविल मामलों की संख्या 36,101 है.
इंडिया जस्टिस रिपोर्ट 2022 के अनुसार देश भर में 5 वर्षों में अधिकांश राज्यों में प्रति न्यायधीश लंबित मामलों की संख्या बढ रही है, जबकि स्वीकृत संख्या काफी हद तक समान रही है.
इन आंकड़ो को देखें तो छतीसगढ़ में प्रति जज लंबित मामलों की औसत संख्या 1000 के आसपास है, वहीं उच्च न्यायलय के प्रति न्यायधीश के लंबित मामलों की औसत संख्या 6000 थी.जेल के हालात
जेलों में क्षमता से अधिक कैदी होना एक बड़ी समस्या रही है. जेल कर्मचारियों की कमी और कैदियों के लिए सुविधाओं में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया गया है.
कानूनी सहायता
छत्तीसगढ़ में कानूनी सहायता सेवाओं की उपलब्धता सीमित है, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में. लीगल एंड क्लीनिक्स और जागरूकता की कमी भी रिपोर्ट में उल्लेखित है.
कानूनी सहायता मामले में छत्तीसगढ़ की रैंकिंग- 11 और स्कोर- 10 में से 5.33 है.
क़ानूनी सहायता में किसी राज्य के क़ानूनी सहायता खर्च में राज्यों को ख़ुद का पैसा और केंद्र से नालसा द्वारा प्राप्त पैसा इस्तेमाल करना होता है.
लेकिन क़ानूनी सहायता की एक बड़ी रकम छत्तीसगढ़ में खर्च ही नहीं हो पाती. आंकड़ों को देखें तो पता चलता है कि छतीसगढ़ ने नालसा निधि का 75% उपयोग किया जबकि राज्य क़ानूनी सहायता बजट का 54% उपयोग किया गयान्यायधीशों की कमसार्वजनिक बुनियादी ढांचे की कमी को दर्शाने वाले आंकड़ों को देखने से पता चलता है कि देश में न्यायधीश रिक्ति में सिक्किम के उच्च न्यायलय और चंडीगढ़ में जिला अदालतों को छोड़कर कोई भी न्यायालय पूर्ण न्यायधीशों के साथ काम नहीं कर रहा है.
प्रकरण निपटान दर की बात की जाए तो 18 बड़े और मध्यम आकार के राज्यों में केवल केरल और पंजाब उच्च न्यायलय दोनों स्तरों पर 100 प्रतिशत और उससे अधिक की निपटान दर प्राप्त करते हैं.
क़ानूनी सहायता के मामले में क़ानूनी सेवा क्लीनिकों की संख्या 14,159 से घटकर 4,742 हो गई है.विचाराधीन मामलों की बढ़ती संख्या
रिपोर्ट के अनुसार न्यायालयों में विचाराधीन मामलों का स्तर बढ़ा हुआ है. सभी 25 उच्च न्यायालयों में,पांच साल से अधिक समय से लंबित मामलों की हिस्सेदारी 48% है.
जबकि उत्तर पूर्वी राज्यों का सबसे अच्छा प्रदर्शन है. इलाहाबाद, कलकत्ता और अंडमान निकोबार द्वीप समूह की स्थिति सबसे खराब है. जहां पांच साल से अधिक समय से लंबित मामलों की हिस्सेदारी 63% है.
रिपोर्ट में कहा गया है, "एक करोड़ से कम आबादी वाले सात छोटे राज्यों की सूची में सिक्किम शीर्ष पर है. जो 2020 में दूसरे स्थान पर था. सिक्किम के बाद अरुणाचल प्रदेश है, जो 2020 में 5वें स्थान पर था.
त्रिपुरा तीसरे स्थान पर है. त्रिपुरा 2020 में पहले स्थान पर था.
इंडिया जस्टिस रिपोर्ट के आंकड़े कुछ राज्यों के लिए बेहतर हो सकते हैं, लेकिन ये रिपोर्ट बताती है कि पुलिस का मामला हो या न्यायाधीशों का. एक दीर्घकालीन रणनीति और उसका समयबद्ध पालन, जब तक अनिवार्य नहीं किया जा सकता, तब तक बहुत बेहतरी की गुंजाइश नहीं है.