क्या फिल्म 'द वॉयस ऑफ हिंद रजब' से बिगड़ जाएंगे इजरायल के साथ रिश्ते?
नई दिल्ली । डेस्क: गाजा में इजरायली सैन्य कार्रवाई का शिकार हुई पांच साल की फिलीस्तीनी बच्ची हिंद रजब पर आधारित फिल्म 'द वॉयस ऑफ हिंद रजब' की सेंसरशिप को लेकर देश में राजनीतिक विवाद छिड़ गया है. विपक्षी गठबंधन 'INDIA' के आठ सांसदों ने केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर फिल्म को सेंसर बोर्ड द्वारा सर्टिफिकेट न दिए जाने पर कड़े सवाल उठाए हैं.
सांसदों ने आरोप लगाया है कि एक कलात्मक अभिव्यक्ति को 'राजनयिक संबंधों' की वेदी पर चढ़ाकर दबाया जा रहा है, जो अभिव्यक्ति की आजादी का उल्लंघन है.
विपक्षी नेताओं ने उन रिपोर्टों पर चिंता जताई है जिनमें दावा किया गया है कि सेंसर बोर्ड (CBFC) ने फिल्म को यह कहते हुए मंजूरी देने से मना कर दिया कि इसके रिलीज होने से भारत-इजरायल संबंधों में दरार आ सकती है.
सांसदों का तर्क है कि सिनेमैटोग्राफ एक्ट, 1952 के तहत फिल्म प्रमाणन की प्रक्रिया पारदर्शी और वैधानिक होनी चाहिए, न कि किसी बाहरी कूटनीतिक दबाव से प्रभावित.
कांग्रेस के जयराम रमेश, सपा के रामगोपाल यादव और राजद के मनोज झा सहित अन्य सांसदों ने अपने पत्र में स्पष्ट किया कि लोकतंत्र में असहज विषयों पर चर्चा से देश की ताकत कम नहीं होती.
ऑस्कर के लिए नामांकित यह फिल्म उस दर्दनाक फोन कॉल पर आधारित है, जो हिंद रजब ने मारे जाने से पहले रेड क्रेसेंट को की थी. अब इस मामले ने कलात्मक स्वतंत्रता बनाम अंतरराष्ट्रीय कूटनीति के बीच एक नई बहस छेड़ दी है.
गौरतलब है कि 'द वॉयस ऑफ हिंद रजब' फिल्म की कहानी जनवरी 2024 में गाजा सिटी में हुई एक बेहद मर्मस्पर्शी और रूह कंपा देने वाली वास्तविक घटना पर आधारित है.
यह फिल्म 5 साल की फिलीस्तीनी बच्ची हिंद रजब के उन अंतिम और खौफनाक घंटों को पर्दे पर उतारती है, जब वह अपने परिवार के साथ इजरायली गोलाबारी से बचने के लिए कार में भाग रही थी. हमले के दौरान हिंद के परिवार के छह सदस्य मौके पर ही मारे गए और वह अकेली उस कार में अपने रिश्तेदारों के शवों के बीच जिंदा बची रही.
फिल्म का मुख्य आधार वह लंबी और भावुक फोन कॉल है जो हिंद ने फिलीस्तीनी रेड क्रेसेंट सोसाइटी के बचाव दल को की थी. घंटों तक चली इस बातचीत में बच्ची की चीखें, उसका डर और "मुझे लेने आ जाओ, मुझे बहुत डर लग रहा है" जैसी उसकी बेबस गुहार को दिखाया गया है, जो युद्ध की विभीषिका के बीच मानवीय त्रासदी का चेहरा बन गई.
फिल्म न केवल हिंद की मौत के इर्द-गिर्द घूमती है, बल्कि उन दो पैरामेडिक्स, युसूफ ज़ैनो और अहमद अल-मदहून की बहादुरी और शहादत को भी दर्शाती है, जो उसे बचाने के लिए एम्बुलेंस लेकर निकले थे लेकिन इजरायली टैंकों की गोलाबारी का शिकार हो गए.
12 दिनों के बाद जब इलाके से सेना हटी, तब हिंद का शव उसी कार से बरामद हुआ था. यह फिल्म युद्ध में मारे गए निर्दोष बच्चों की आवाज और अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानूनों की विफलता पर एक गहरा कटाक्ष करती है.