गुरू, 12 नव. 2026

CGKhabar

आदिवासी भी हाशिए पर और उनकी भाषा गोंडी भी

छत्तीसगढ़ के बस्तर में बोली जाने वाली गोंडी को 8वीं अनुसूची में शामिल करने की मांग

C

CG Khabar

25 मार्च 2025, 11:01 AM 5 मिनट में पढ़ें 23

आदिवासियों के साथ ही उनकी भाषा गोंडी भी उपेक्षा का शिकार
आदिवासियों के साथ ही उनकी भाषा गोंडी भी उपेक्षा का शिकार

जगदलपुर | संवाददाताः देश में संस्कृत बोलने वालों की संख्या केवल 24,821 है. जबकि गोंडी बोलने वालों की तादाद लाखों में है.


संस्कृत प्राचीन भाषा है, हज़ारों महत्वपूर्ण ग्रंथ हैं तो जाहिर है, यह संविधान की आठवीं अनुसूची में भी शामिल है.

विज्ञापन


लेकिन 6 राज्यों के लगभग 30 लाख आदिवासी जिस गोंडी भाषा में बात करते हैं, उसे आठवीं अनुसूची में जगह ही नहीं मिली. इस देश में आदिवासी भी हाशिए पर हैं और उनकी भाषा भी.


देश में भाषा को लेकर इस समय राजनीति गरमाई हुई है. दक्षिण भारतीय राज्य केन्द्र सरकार पर हिंदी और संस्कृत थोपने का आरोप लगा रहे हैं तो केन्द्र सरकार इसे बेमतलब का विवाद बता रही है. 


इसी देश में केरल और दिल्ली जैसे राज्यों से भी बड़ा छत्तीसगढ़ का बस्तर है. जहां की मुख्य भाषा गोंडी है. 


वही गोंडी, जो देश के 6 राज्यों में बोली जाती है और 2011 की जनगणना के अनुसार गोंड़ी बोलने वालों की संख्या लगभग 30 लाख है. 

बस्तर के साथ-साथ अन्य राज्यों का गोंडवाना समाज भी गोंडी को आठवीं अनुसूची में शामिल किए जाने की लंबे समय से मांग करता आ रहा है, लेकिन यह मांग अब तक अधूरी है.

छत्तीसगढ़ में शिक्षा विभाग ने सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर में कक्षा पहली से पांचवी तक गोंडी को पाठ्यक्रम में शामिल किया है. साथ ही, साहित्य परिषद का गठन भी किया गया है.


लेकिन गोंडी बोलने वाले इस भाषा को संवैधानिक मान्यता न मिलने से निराश हैं.


दरअसल, 1980 के दशक से ही गोंड समाज और अन्य समुदायों द्वारा सरकारी मान्यता के लिए प्रयास किए जा रहे हैं.

बस्तर गोंडवाना समाज के जिला उपाध्यक्ष व साहित्यकार माखनलाल सोरी बताते हैं कि इस मांग को लेकर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम कई ज्ञापन सौंपे गए हैं.


साथ ही, दिल्ली के जंतर-मंतर पर कई बार प्रदर्शन भी किया गया, लेकिन अब तक कोई परिणाम नहीं निकल सका है.

गोंडवाना समाज सोशल मीडिया के ज़रिए भी युवाओं को लगातार जागरूक कर रहा है. व्हाट्सएप और अन्य माध्यमों से स्कूली बच्चों को गर्मियों की छुट्टियों में गोंडी भाषा सिखाई जा रही है.

इसके अलावा, समाज द्वारा "जंगोरायता इंग्लिश-गोंडी मीडियम स्कूल" की शुरुआत की गई है. जहां कक्षा पहली से आठवीं तक बच्चों को गोंडी पढ़ाई जा रही है. 


वर्तमान में ये स्कूल कोंडागांव और सुकमा में संचालित हो रहे हैं और जगदलपुर में एक नया स्कूल खोलने की योजना भी बनाई गई है.


इसके बावजूद अब तक इसका कोई नतीजा नहीं निकला.


साहित्यकार माखनलाल सोरी का यह भी कहना है कि गोंडी भाषा एशिया की सबसे पुरानी भाषा है और इसका प्रमाण सिंधु घाटी की सभ्यता में भी मिलता है.


6 राज्यों में करीब 30 लाख लोगों के द्वारा बोली जाने वाली इस भाषा को आज भी आठवीं अनुसूची में शामिल नहीं किया जाना आदिवासी जनप्रतिनिधियों की उदासीनता को दर्शाता है.


राजनीतिक इच्छा शक्ति की कमी की वजह से ही यह आदिवासी जनजातीय भाषा उपेक्षा का शिकार हो गई है.


उनका कहना है कि केवल गोंडी भाषा ही नहीं बल्कि आदिवासियों की जितनी भी भाषाएं हैं. वह उपेक्षित हो रही हैं. 


आदिवासी जनजातियों की कोई भी भाषा आठवीं अनुसूची में शामिल नहीं हो पाई है.


सोरी ने कहा कि यह भी एक कारण है कि आदिवासी जनजातीय समुदाय से जो प्रतिनिधि हैं. वह संसद में सकारात्मक रूप से इसके लिए आवाज नहीं उठा पा रहे हैं.


लेकिन गोंड समाज लगातार इसके लिए मांग और प्रयास करता रहेगा, क्योंकि किसी भी समुदाय का इतिहास उसकी भाषा में निहित होता है. 


ऐसे में जब तक देश में गोंड जाति के लोग जिंदा हैं, इसके लिए प्रयास करते रहेंगे. 


उनका कहना है कि देश में आदिवासी जनजातियों की करीब 200 से 300 भाषाएं हैं. 


जो अनदेखी के चलते विलुप्त होने के कगार पर हैं. ऐसे में 6 राज्यों में 30लाख लोगों के द्वारा बोली जाने वाली गोंडी भाषा में गिरावट आ सकती है.


समाज इस भाषा को सरकारी मान्यता मिले इसके लिए लगातार प्रयास  कर रहा है.

 

 देश की विडंबना है कि गोंडी 8वीं अनुसूची में शामिल नहीं

वहीं बस्तर के वरिष्ठ पत्रकार और गोंडी भाषा के जानकार अविनाश प्रसाद का भी कहना है कि गोंडी भाषा को आठवी अनुसूची में शामिल नहीं करना, इससे बड़ी विडंबना और कुछ नहीं हो सकती है.


उन्होंने कहा कि गोंडी भाषा का महत्व कोई समझा है तो वह नक्सल संगठन हैं, क्योंकि बस्तर के अंदरूनी  इलाकों में जो बाहरी नक्सली आते हैं, वो भी गोंडी सीखकर अपनी जनताना सरकार चलाते हैं.


ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी जनविरोधी नीतियों का प्रचार प्रसार भी गोंडी भाषा मे करते है. 


उन्होने कहा कि अगर पूरी तरह से इसे स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल कर लिया जाता है तो बच्चों के लिए प्राथमिक शिक्षा आसान  हो जाएगी. उनका कहना है कि इस पर विशेष बजट का प्रावधान कर, इस भाषा को लेकर सरकार को काम किया जाना चाहिए.


सरकार अकाशवाणी और दूरदर्शन में गोंडी भाषा पर अलग- अलग एपिसोड बनाकर जरूर प्रसारित कर रही है. लेकिन इसे 8वीं अनुसूची में शामिल किया जाना चाहिए.

 

संस्था के जरिए गोंडी भाषा के संरक्षण व संवर्धन का काम

गोंडी भाषा के सरंक्षण और सवर्धन के लिए बस्तर में एक संस्था भी पिछले कुछ सालों से काम कर रही है.


बस्तर एकेडमी ऑफ डांस, आर्ट ,लिटरेचर (बादल) नाम की संस्था के द्वारा गोंडी भाषा पर काम किया जा रहा है. 


इस संस्था में अधिकारियों से लेकर युवाओं और कॉलेज के छात्रों और स्कूली छात्रों को भी गोंडी भाषा का प्रशिक्षण दिया जा रहा है.


इसके अलावा जिन साहित्यकारों ने गोंडी भाषा पर साहित्य लिखा है, उसका भी प्रदर्शन लाइब्रेरी के माध्यम से किया जा रहा है. 


बादल संस्था में गोंडी भाषा प्रशिक्षण के प्रमुख हितप्रीता ठाकुर और लोकगीत के प्रमुख भरत कुमार का कहना है कि गोंडी भाषा काफी प्राचीन भाषा है. 


ऐसे में इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए बादल संस्था के द्वारा हर संभव प्रयास किया जा रहा है. 


गोंडी भाषा के लोकगीत बादल संस्था के स्टूडियो में रीकॉर्ड किये जाते हैं. 


बस्तर संभाग के गोंडी भाषा के जानकार और गोंडी में लोक गीत गाने वाले कलाकारों को मंच दिया जाता है.


इसके अलावा जानकारों से शब्दकोश का निर्माण भी कराया गया है, ताकि गोंडी भाषा सीखने के लिए लोगों को आसानी हो सके.

 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
स्वच्छता अभियान- फाइल फोटो
छत्तीसगढ़ विशेष

स्वच्छता में छत्तीसगढ़ का डंका: राष्ट्रपति ने 3 निकायों को किया पुरस्कृत, बिल्हा देश में नंबर-1

17 घंटे पहले

AI Generated Photo
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़ में 5 दिनों में गटक गए 54.60 करोड़ की शराब, विदेशी स्पिरिट का रहा दबदबा

17 घंटे पहले

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का फैसला: फतवे की कोई कानूनी मान्यता नहीं, याचिका खारिज

1 सप्ताह पहले

लक्ष्य कोचिंग- दंतेवाड़ा
छत्तीसगढ़ विशेष

दंतेवाड़ा में कोचिंग घोटालाः 68 लाख की एजेंसी बाहर, 90 लाख वाली को काम

1 सप्ताह पहले

महादेव ऐप, सौरभ चंद्राकर, महादेव सट्टा
छत्तीसगढ़ विशेष

महादेव सट्टा के सौरभ चंद्राकर को CBI कल रायपुर अदालत में करेगी पेश

1 सप्ताह पहले

नवजात हाथी का ड्रोन से लिया फोटो
छत्तीसगढ़ विशेष

कोरबा: जंगल में गश्त के दौरान दिखा नवजात हाथी, सुरक्षा में तैनात हुआ ड्रोन

3 सप्ताह पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP