हाईकोर्ट की सख्ती के बाद जागी राज्य सरकार, शुरू हुआ केबल हटाने का काम
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की सख्ती के बाद जागी राज्य सरकार, शुरू हुआ केबल हटाने का काम
बिलासपुर | संवाददाताः हाई कोर्ट के निर्देश के बाद छत्तीसगढ़ सरकार की नीद खुली और प्रदेश भर में दुर्घटनाओं को आमंत्रण दे रहे खंभों पर लटक रहे अनुपयोगी केबल हटाने का काम शुरु हुआ.
राज्य सरकार ने हाईकोर्ट के आदेश के बाद अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए जानकारी दी है कि प्रदेश के 20980 बिजली खंभों पर बेतरतीब तरीके से केबल लटके मिले थे.
इनमें से 6402 अनुपयोगी केबल हटा दिये गये अथवा व्यवस्थित किये जा चुके हैं. अभी 14 हजार 578 खंभों पर से केबल हटाने का काम बाकी है.
चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा की डिवीजन बेंच के आदेश के बाद राज्य सरकार द्वारा बिजली खंभों का सर्वे करवाया गया है.
दरअसल मीडिया में प्रकाशित खबर पर संज्ञान लेते हुए कोर्ट ने जनहित याचिका के रूप में इस मामले की सुनवाई शुरू की थी.
सिगरगिट्टी क्षेत्र में खंभों पर लटकते हुए केबलों को आधार बनाते हुए हाई कोर्ट के मुख्य न्यायधीश रमेश सिन्हा की डिवीजन बेंच ने राज्य सरकार से खंभों पर लटकते हुए केबल के मामले पर शपथ पत्र की मांग की थी.
बाद में पूरे राज्य के बिजली खंभों के बारे में जानकारी मांगी गयी.
इसका जवाब पेश करते हुए छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता (एसई) ने शपथ पत्र प्रस्तुत करते हुए बताया कि बिलासपुर शहर में बिजली के खंभों का केबल कंपनियों द्वारा दुरुपयोग किया जा रहा है.
इससे तारों का जाल बन रहा है. यह सार्वजनिक सुरक्षा के लिहाज से खतरनाक साबित हो सकता है. अब इस तरह के केबल हटाये जा रहे हैं.
केबलों को हटाने व व्यवस्थित करने का काम प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है. सिरगट्टी क्षेत्र में लटकते केबलों को सुधारा गया है.
बिजली लाइन के नीचे किये गये दो अनाधिकृत निर्माण हटाने का निर्देश भी जारी किया गया है. खुले कंडक्टर वाली लाइन को इंसुलेटेड केबल से बदला गया है.
सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य
अनुबंध के तहत बिलासपुर क्षेत्र में दो कंपनियों को बिजली के खंभों के उपयोग की अनुमति दी गई है.
अनुबंध के अनुसार केबल सेवा देने वालों को सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य है.
तिफरा जोन के सहायक अभियंता ने 30 दिसंबर 2024 को सुधार कार्य शुरू किया.
2 जनवरी 2025 को केबल ऑपरेटरों को नोटिस जारी किया गया. इसके बाद इंटरनेट केबलों को व्यवस्थित करने का कार्य शुरू किया गया.
अव्यवस्थित बिजली के खंभों को सुधारने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं. आगामी 8 अप्रैल को अगली सुनवाई के लिए कोर्ट ने तारीख तय की है.