शाम को अगवा बच्ची सुबह आरोपी सहित बरामद
बच्ची अगवा
मनेन्द्रगढ़| संवाददाताः छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले में 6 साल की मासूम बच्ची को अगवा करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने बच्ची को अगवा कर जंगल में ले गया था, जहां दुष्कर्म की कोशिश की है.
पुलिस ने मासूम बच्ची को जंगल से बरामद किया है. पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ रेप, अपहरण और पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.
फिलहाल पुलिस आरोपी युवक से पूछताछ कर रही है.
पुलिस के मुताबिक रविवार की शाम मासूम बच्ची रोज की तरह अपने घर के बाहर खुले मैदान में खेल रही थी.
तभी बलरामपुर जिले के चांदो निवासी जनक राजा साइकिल से वहां पहुंचा.
बच्ची के अकेले होने का फायदा उठाकर आरोपी समोसा खिलाने का लालच देकर बच्ची को अपने कंधे में बैठाकर ले गया.
उसने साइकिल घटना स्थल पर ही छोड़ दिया था. काफी देर होने के बाद भी बच्ची घर नहीं पहुंची तब परिजनों ने खोजबीन शुरू की.
आसपास तलाशने के बाद भी बच्ची का कुछ पता नहीं चला तब मामले की सूचना पुलिस को दी गई.
तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. यह घटना शाम करीब 5 से 6 के बीच की बताई जा रही है.
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाला तो एक युवक बच्ची को कंधे पर बैठाकर ले जाते हुए दिखाई दिया.
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की. पुलिस ने मनेन्द्रगढ़ कलेक्टोरेट के पीछे स्थित जंगल से बच्ची का बरामद किया.
आरोपी युवक भी उसी इलाके से पकड़ा गया. इस मामले में सीसीटीवी फुटेज ही आरोपी तक पहुंचने में अहम सुराग साबित हुआ.
इधर बच्ची की वापसी से परिजनों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है. बच्ची का परिवार दूसरे जिले से आकर यहां रोजी मजदूरी का काम करते हैं.
बताया गया कि आरोपी युवक मनेन्द्रगढ़ इलाके में रहकर किसी दुकान में काम करता है. वह जिस साइकिल को छोड़कर गया था वह भी चोरी की थी.
उसे थाने के पीछे बने आवास के पास से चुराया था. जांच में पता चला है कि साइकिल पुलिसकर्मी की है.