हेडमास्टर वीडियो बनाने महिला टॉयलेट में छुपाकर रखता था मोबाइल
रायपुर | संवाददाताः रायपुर जिले के तिल्दा-नेवरा थाना क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है. एक सरकारी स्कूल का हेडमास्टर महिला टॉयलेट में मोबाइल रखकर वीडियो बनाता था.
मामले का खुलासा तब हुआ, जब एक महिला शिक्षक की नजर टॉयलेट में छिपा कर रखे मोबाइल पर पड़ी.उन्होंने इसकी जानकारी अन्य स्टॉफ को दी तो स्कूल में हड़कंप मच गया.
इसकी शिकायत तिल्दा-नेवरा थाने में की गई, जिसके बाद पुलिस आरोपी प्रधान पाठक को गिरफ्तार कर लिया है.
बताया गया कि आरोपी शिक्षक भूपेन्द्र साहू स्कूल का संकुल समन्वयक भी है. वह पिछले काफी दिनों से यह हरकत कर रहा था.
वह महिला टॉयलेट में रोजाना मोबाइल छुपाकर वीडियो बनाता था. वह सबसे पहले स्कूल पहुंचता था और मोबाइल चालू कर महिला टॉयलेट में छोड़ देता था. बाद में उन वीडियो को अपने दूसरे मोबाइल और लैपटॉप में ट्रांसफर कर लेता था.
मंगलवार को टॉयलेट में रखे मोबाइल पर एक महिला शिक्षक की नजर पड़ी. मोबाइल चालू था और उसमें वीडियो रिकॉर्डिंग हो रही थी. तत्काल उन्होंने इसकी जानकारी पूरे स्टॉफ को दी. स्टॉफ ने जांच पड़ताल की तो मोबाइल हेडमास्टर भूपेद्र साहू का निकला.
इसके बाद महिला शिक्षकों ने तिल्दा-नेवरा थाने पहुंचकर हेडमास्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने हेडमास्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पूछताछ की तो आरोपी शिक्षक ने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
पुलिस ने मोबाइल की जांच की तो वीडियो डिलीट मिले. पुलिस ने मोबाइल की जांच के लिए उसे साइबर सेल भेजा है, जहां से डिलीट डेटा को रिकवर करने की कोशिश की जाएगी.
आरोपी प्रधान पाठक को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया. इस घटना की जानकारी मिलते ही बच्चों के अभिभावकों में आक्रोश है. पालकों ने शिक्षक के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है.