बस्तर के ऐतिहासिक तालाब का अस्तित्व खतरे में
बस्तर के ऐतिहासिक तालाब गंगामुण्डा का अस्तित्व खतरे में
जगदलपुर | संवाददाताः जगदलपुर शहर में ऐसे कई मुद्दे हैं जिनको लेकर जनता नगरीय निकाय चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियो से सवाल कर रही है और प्रत्याशी हमेशा की तरह जवाब में केवल आश्वासन ही दे रहे हैं.
इन्हीं मुद्दों में से एक है जगदलपुर का ऐतिहासिक गंगामुंडा तालाब, जो अनदेखी के चलते सिमटने की कगार पर पहुंच गया है.
पानी की किल्लत से जूझते शहर में तालाब की अनदेखी भविष्य में भयावह जल संकट की निशानी है.
175 एकड़ में फैला था तालाब
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर शहर को तालाबों का शहर कहा जाता है, लेकिन वर्तमान में आलम यह है कि संरक्षण के अभाव में अब कई तालाब विलुप्त हो चुके हैं. जो तालाब बच गए हैं उनकी हालत बद से बदतर हो गई है.
छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े तालाबों में शुमार दलपत सागर के जीर्णोद्धार के नाम पर करोड़ों रूपये खर्च किये गये. इसके बावजूद तालाब से जलकुंभी हटा पाने में निगम प्रशासन फेल रहा है.
वहीं जगदलपुर शहर के दूसरे ऐतिहासिक और सबसे पुराने तालाब गंगामुंडा का हाल भी बेहाल है. आलम यह है कि गंगामुंडा तालाब गंदामुंडा में तब्दील चुका है.
इसके साथ ही यह तालाब अतिक्रमण की भेट चढ़ गया है. तालाब के चारों ओर धड़ल्ले से अतिक्रमण किया जा रहा है. 175 एकड़ में फैला तालाब अब धीरे-धीरे सिमटते जा रहा है.
कूड़ादान बना तालाब
शहर से निकलने वाली गंदगी और कचरे को निगम के सफाई कर्मचारियों द्वारा गंगामुंडा तालाब के आसपास फेक दिया जाता है. साथ ही घरों का कचरा भी तालाब में डाला जा रहा है.
एक तरह से इस तालाब को कूड़ादान बना दिया गया है. लेकिन निगम प्रशासन इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए कोई प्रयास करता नजर नहीं आ रहा है. जिसको लेकर शहर के लोगों में काफी नाराजगी देखने को मिल रही है.
निगम प्रशासन की अनदेखी का शिकार
ऐतिहासिक गंगामुंडा तालाब के आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि कुछ साल पहले तक गंगामुंडा के लोग इसी तालाब का पानी पिया करते थे. यह तालाब साफ सुथरा और पूरे 175 एकड़ में फैला हुआ था.
आसपास के लोगों के द्वारा इस तालाब के पानी को पेयजल के रूप में इस्तेमाल करने के साथ निस्तारी में भी उपयोग किया करते थे. अब हालत यह है कि इस तालाब के अंदर इतनी गंदगी पसरी है कि तालाब के आसपास से गुजरना भी दूबर हो गया है.
निगम प्रशासन ने इस तालाब को लावारिस हाल में छोड़ दिया है. धीरे-धीरे अब तालाब सिमटते जा रहा है और तालाब का पानी भी सूखता जा रहा है.
गंगामुण्डा तालाब बचाओ मंच के लोगों में नाराजगी
गंगामुंडा तालाब बचाओ अभियान से जुड़े सदस्य कोटेश्वर राव, अजय पॉल, डी.आर पाराशर, श्रीनिवास राव का कहना है कि जगदलपुर शहर में दलपत सागर के बाद गंगामुंडा तालाब सबसे बड़ा और ऐतिहासिक तालाब है.
लेकिन जलकुंभी से ढंके इस तालाब के चारों ओर गंदगी पसरी हुई है. तालाब के किनारे कब्जाधारियों के द्वारा धीरे-धीरे कब्जा किया जा रहा है.
स्थानीय जनप्रतिनिधियों की अनदेखी के चलते तालाब का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है और इसे बचाने के लिए कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है. जल्द ही कोई ठोस क़दम नही उठाया जाता है तो गंगामुंडा तालाब विलुप्त होने की स्थिति में आ जाएगा.
भाजपा - कांग्रेस प्रत्याशियों का दावा
इस मामले में भाजपा के प्रत्याशी संजय पांडे और कांग्रेस के प्रत्याशी मलकीत सिंह गैदु का कहना है कि गंगामुंडा तालाब का संवर्धन और सौंदर्यीकरण उनके ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल है.
संजय पांडे का कहना है कि अगर वे चुनाव जीतकर आते हैं तो गंगामुण्डा तालाब का कायाकल्प कर देंगे. कांग्रेस प्रत्याशी मलकीत सिंह का कहना है कि अगर वो चुनकर आते हैं तो गंगामुण्डा तालाब के साथ-साथ शहर के सारे तालाबों का सरक्षंण औऱ सवर्धन किया जाएगा.
निगम के कमिश्नर निर्भय साहू का कहना है कि तालाब के सौंदर्यकरण के लिए और इसे स्वच्छ बनाने के लिए निगम ने रोडमैप तैयार कर लिया है. जल्द ही इस पर काम किया जाएगा.