इंद्रावती में डूबे युवक का 3 दिन बाद शव मिला
दंतेवाड़ा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में इंद्रावती नदी में डूबे युवक का तीन दिन बाद शव मिला है. युवक की तलाश में तीन दिनों से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा था.
जहां नाव (डोंगी) पलटी थी उससे 4 किलोमीटर दूर नदी के अंदर चट्टानों के बीच उसकी लाश फंसी हुई थी.
दरअसल, बारसूल थाना क्षेत्र के ग्राम मंगनार के ग्रामीण मंगलवार 8 जुलाई को सामान खरीदने बोधघाट बाजार गए थे.उस दौरान बस्तर में काफी तेज बारिश हो रही थी. इद्रावती नदी पूरी तरह से उफान पर था.
इसके बाद भी ग्रामीण वापसी में लकड़ी की नाव (डोंगी) में सवार होकर नदी पार कर रहे थे. इसी दौरान इंद्रावती और गुडरा नदी के संगम में तेज बहाव के चलते नाव पलट गई थी.
नाव पलटने के बाद महेश ओयामी और जग्गू लेकामी बह गए थे. रात में दोनों ग्रामीण घर नहीं पहुंचे, तब दूसरे दिन ग्रामीणों ने उनकी खोजबीन शुरू की. परिजन नदी किनारे पहुंचे तो नदी के बीच चट्टान में महेश बैठा हुआ दिखा.
हादसे की खबर मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची. कड़ी मेहनत के बाद महेश ओयामी को बचा लिया गया जबकि जग्गू लापता था. 9 जुलाई से उसकी खोजबीन जारी थी. 11 जुलाई की शाम को रेस्क्यू टीम को जग्गू की लाश मिली.
शव को नदी से बाहर निकाल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. बताया गया कि जो नाव (डोंगी) पलटी थी उसे ग्रामीणों ने खुद ही बनाया था.