शशि थरूर ने ऑपरेशन सिंदूर पर बहस से बनाई दूरी
नई दिल्ली । डेस्क: कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, तिरुवनंतपुरम से लोकसभा सांसद शशि थरूर ने ऑपरेशन सिंदूर पर लोकसभा में हुई बहस में हिस्सा लेने से इनकार कर दिया. सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस नेतृत्व ने थरूर से इस बहस में भाग लेने के लिये संपर्क किया था, लेकिन उन्होंने इसके बजाय द इंडियन पोर्ट्स बिल, 2025 पर बोलने की इच्छा जताई.
थरूर का ऑपरेशन सिंदूर और पहलगाम आतंकी हमले पर रुख उनकी पार्टी की आधिकारिक लाइन से अलग रहा है.
कांग्रेस सूत्रों ने कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी के निर्देश पर, लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता गौरव गोगोई ने थरूर से इस मुद्दे पर बात की थी. सूत्रों के अनुसार, दोनों नेताओं ने इस मामले को "सौहार्दपूर्ण" ढंग से सुलझा लिया.
हालांकि, थरूर ने इस दावे पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी. जब पत्रकारों ने उनसे बहस में हिस्सा न लेने के बारे में पूछा, तो उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि वह "मौन व्रत" पर थे.
बीजेपी सांसद बैजयंत जय पांडा ने थरूर की अनुपस्थिति का इस्तेमाल कांग्रेस पर निशाना साधने के लिये किया. पांडा ने अपने भाषण में कहा, "कांग्रेस में कई नेता अच्छा बोल सकते हैं... मेरे मित्र शशि थरूरजी, जो एक अच्छे वक्ता हैं, उन्हें उनकी पार्टी ने बोलने की अनुमति नहीं दी."
ओडिशा के केंद्रपाड़ा से सांसद पांडा ने दावा किया कि थरूर ने पहले "राष्ट्रीय हित" में बात की थी. उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर पाकिस्तान में आतंकवादियों पर हमला था, न कि नागरिकों पर. पांडा ने इसे "मोदी की नीति" और "न्यू नार्मल" करार देते हुये कहा कि कांग्रेस केवल भारत की सशस्त्र सेनाओं पर सवाल उठाती है, न कि पाकिस्तान पर.
कांग्रेस की ओर से गौरव गोगोई, प्रियंका गांधी वाड्रा, दीपेंद्र हुड्डा, प्रणति शिंदे, सप्तगिरी उलाका और बी.एस. ओला को बहस के लिए वक्ताओं के रूप में नामित किया गया था. हालांकि, प्रियंका गांधी ने सोमवार को हिस्सा नहीं लिया और संभावना है कि वह मंगलवार को बोलेंगी.
पांडा ने कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों पर पाकिस्तान के साथ केवल सहयोग बढ़ाने और जवाबी कार्रवाई न करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के खिलाफ भारत की जीरो टॉलरेंस नीति को दर्शाता है.