तेलंगाना: आदिलाबाद RIMS अस्पताल में आग, 2 नवजात शिशुओं की मौत
हैदराबाद । डेस्क: तेलंगाना के आदिलाबाद स्थित राजीव गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (RIMS) अस्पताल में सोमवार देर रात एक दुखद हादसा हो गया. अस्पताल के स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) वार्ड में अचानक भीषण आग लगने से दो नवजात शिशुओं की मौत हो गई, जबकि 25 अन्य नवजात बच्चों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
यह हादसा सोमवार रात करीब 11.50 बजे हुआ. आदिलाबाद की जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (DMHO) डॉ. साधना के अनुसार, SNCU के रिसेप्शन एरिया में लगे एक एयर-कंडीशनर में अचानक आग भड़क गई थी. वार्ड चारों तरफ से शीशों से ढका होने के कारण कुछ ही देर में पूरा यूनिट धुएं से भर गया.
आग और धुएं को देखते ही वहां मौजूद मरीजों के परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए खिड़कियों के शीशे तोड़े और धुएं को बाहर निकलने का रास्ता दिया. परिजनों और कर्मचारियों ने मिलकर तुरंत बच्चों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू किया.
हादसे में जान गंवाने वाले दोनों नवजात केवल चार और पांच दिन के प्री-टर्म (समय से पहले जन्मे) बच्चे थे. इनमें से एक शिशु की मौत घटना के तुरंत बाद हो गई, जबकि दूसरे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. रेस्क्यू किए गए अन्य सभी 25 बच्चों को एहतियात के तौर पर पास के निजी अस्पतालों में स्थानांतरित कर दिया गया है, जहां उनकी स्थिति पूरी तरह स्थिर बताई जा रही है.
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
इस हृदयविदारक हादसे पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी और स्वास्थ्य मंत्री सी. दामोदर राजा नरसिम्हा ने गहरा शोक व्यक्त किया है.
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश जारी किए हैं. उन्होंने अधिकारियों को अस्पताल में भर्ती अन्य सभी बच्चों के बेहतर इलाज और लगातार निगरानी के निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही, राज्य भर के सभी अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा मानकों की समीक्षा करने और सुरक्षा कड़ी करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं.