विजय रथ पर सवार टीम इंडिया: नीदरलैंड को दी मात, अब सुपर-8 की तैयारी
अहमदाबाद । डेस्क: भारत ने टी20 वर्ल्ड कप के अपने आखिरी ग्रुप मैच में नीदरलैंड को 17 रनों से हराकर ग्रुप ए में अपना दबदबा कायम रखा है. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में जीत के साथ ही मेजबान भारत ने ग्रुप स्टेज के सभी मैच जीतकर 'क्लीन स्वीप' पूरा किया.
भारत और श्रीलंका पहले ही सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर चुके थे, लेकिन बुधवार की इस जीत ने टीम इंडिया के फॉर्म पर मुहर लगा दी है.
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने शिवम दुबे की 31 गेंदों में 66 रनों की तूफानी पारी की बदौलत 193/6 का मजबूत स्कोर खड़ा किया. दुबे ने अपनी पारी के दौरान मैदान के चारों ओर छक्के जड़े और हार्दिक पांड्या (30 रन) के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए मात्र 35 गेंदों में 76 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की.
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 34 और तिलक वर्मा ने 31 रनों का योगदान दिया, हालांकि सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का खराब फॉर्म जारी रहा और वह लगातार तीसरी बार शून्य पर आउट हुए.
194 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड की टीम निर्धारित ओवरों में 176/7 रन ही बना सकी.
भारत की ओर से गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती ने घातक गेंदबाजी करते हुए मात्र 14 रन देकर 3 विकेट झटके, जिसने डच बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी.
बल्लेबाजी में कमाल दिखाने वाले शिवम दुबे ने गेंदबाजी में भी अपना जलवा बिखेरा और नीदरलैंड के टॉप स्कोरर बास डी लीडे (33 रन) सहित दो विकेट चटकाए.
नीदरलैंड ने टूर्नामेंट की शुरुआत में पाकिस्तान को कड़ी टक्कर दी थी, लेकिन भारतीय आक्रमण के सामने वे लक्ष्य से पीछे रह गए. अब भारतीय टीम रविवार को इसी मैदान पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपने सुपर-8 अभियान की शुरुआत करेगी.