शिक्षिका का मोबाइल हैक कर व्हाट्सएप ग्रुपों में भेजी अश्लील सामग्री
बलरामपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से साइबर अपराध का एक बेहद परेशान करने वाला मामला सामने आया है. यहाँ के सामरी थाना क्षेत्र में पदस्थ एक शासकीय सहायक शिक्षिका का मोबाइल नंबर हैक कर अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित की जा रही है.
इस घटना से व्यथित होकर पीड़िता ने अपने परिजनों और ग्रामीणों के साथ सामरीपाठ थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है.
यह पूरा मामला ग्राम सराईटोली भंडारडीपा का है. यहाँ की निवासी सुसाना खलखो वर्तमान में शासकीय प्राथमिक शाला भंडारडीपा में सहायक शिक्षिका के रूप में सेवाएं दे रही हैं. उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि बीते 18 जून से उनका मोबाइल नंबर अचानक उनके नियंत्रण से बाहर हो गया और किसी अज्ञात हैकर ने उसे अपने कब्जे में ले लिया.
इसके बाद से ही उस नंबर के जरिए विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों में अश्लील वीडियो, अभद्र तस्वीरें (डीपी), स्टेटस और आपत्तिजनक संदेश भेजे जा रहे हैं.
इस अवांछित गतिविधि के कारण शिक्षिका को भारी मानसिक प्रताड़ना और सामाजिक असहजता का सामना करना पड़ रहा है. पीड़िता का कहना है कि परिचितों और ग्रामीणों के बीच इस तरह की सामग्री जाने से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा और छवि को गहरा धक्का लगा है, जिससे वे मानसिक रूप से काफी तनाव में हैं.
उन्होंने पुलिस से गुहार लगाई है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसकी उच्च स्तरीय साइबर जांच कराई जाए और दोषी व्यक्ति को जल्द से जल्द बेनकाब कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए.
इधर, सामरी पुलिस ने मामले की गंभीरता को स्वीकार करते हुए आवेदन पर त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस प्रशासन का कहना है कि मोबाइल हैकिंग के इस मामले में तकनीकी और साइबर माध्यमों की मदद ली जा रही है ताकि डिजिटल फुटप्रिंट्स के जरिए आरोपी तक पहुंचा जा सके.