बेटे को गर्म प्रेस से दागने की शिकायत पर शिक्षिका गिरफ्तार
बालोद । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में बच्चों के साथ क्रूरता का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष पहुँचकर मासूमों ने अपनी ही मां के जुल्मों की दर्दनाक दास्तान सुनाई. पीड़ित बच्चों का आरोप है कि उनकी माँ, जो कि पेशे से एक सरकारी स्कूल में प्रधान पाठिका (हेडमास्टर) हैं, उन्हें लंबे समय से शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थीं.
यहाँ तक कि उन्हें गर्म इस्त्री से भी दागा गया, जिसके ज़ख्म बच्चों ने पुलिस को दिखाए. बच्चों की शिकायत और मेडिकल साक्ष्यों के आधार पर बालोद कोतवाली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला शबाना बानो को पाररास स्थित उसके किराए के मकान से गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस के अनुसार, पारिवारिक विवाद के बाद महिला अपने पति और परिवार से अलग होकर पाररास इलाके में किराए पर रह रही थी. बच्चों ने माँ पर एक अन्य व्यक्ति असरार अहमद के साथ प्रेम संबंध में होने और कमाई का बड़ा हिस्सा उस पर उड़ाने के गंभीर आरोप लगाए हैं.
साथ ही, पिता द्वारा बनाए गए मकान पर कब्जे को लेकर भी बच्चों पर दबाव बनाने और उन्हें यातनाएँ देने की बात सामने आई है. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस इन सभी आरोपों की गहनता से जाँच कर रही है.
अपनी आपबीती सुनाते हुए सहमे हुए बच्चों ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि आरोपी माँ को किसी भी कीमत पर जमानत न दी जाए, क्योंकि रिहा होने के बाद उन्हें अपनी जान का खतरा सता रहा है. गुरुवार सुबह जब कोतवाली पुलिस ने दबिश दी, तब आरोपी शिक्षिका स्कूल जाने की तैयारी कर रही थी. फिलहाल पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले के हर पहलू को खंगाला जा रहा है.