जमानत के लिए श्मशान घाट में चीफ जस्टिस की फोटो की तांत्रिक पूजा
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक आरोपी को जमानत दिलाने के लिए चार लोगों ने श्मशान घाट में तांत्रिक अनुष्ठान शुरू कर दिया. हद तो तब हो गई जब इस पूजा में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस और दो अन्य लोगों की तस्वीरों का इस्तेमाल किया गया. ग्रामीणों ने एक आरोपी को रंगे हाथों पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उसके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे.
यह घटना सीपत थाना क्षेत्र के देवरी गांव स्थित मुक्तिधाम की है. शुक्रवार देर रात चार युवक श्मशान घाट में संदिग्ध गतिविधियां कर रहे थे. काफी देर तक नजर रखने के बाद जब स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें घेरा, तो वे भागने लगे. ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए ऋषिकेश कुमार नाम के एक युवक को धर दबोचा और पुलिस को सूचना दी.
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से चीफ जस्टिस और दो अन्य व्यक्तियों की तस्वीरें बरामद की हैं. इसके अलावा पूजा स्थल से मरा हुआ मछली, सिंदूर, नींबू, नारियल और अन्य तांत्रिक सामग्री भी जब्त की गई है.
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ऋषिकेश ने खुलासा किया कि उसका रिश्तेदार प्रियांशु बोले चाकूबाजी के एक मामले में जेल में बंद है. उसकी जमानत अर्जी अदालत में लंबित थी.
इसी दौरान सोशल मीडिया पर उनकी मुलाकात एक तथाकथित तांत्रिक से हुई, जिसने दावा किया था कि श्मशान घाट में विशेष पूजा करने से कोर्ट से जमानत आसानी से मिल जाएगी. उसी के बहकावे में आकर आरोपी इस अंधविश्वास का शिकार बन गए.
बिलासपुर पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है और फरार तीन अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी जारी है.
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इन तस्वीरों का इस्तेमाल किस मकसद से किया गया था. एसपी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जमानत या कोई भी कानूनी फैसला सिर्फ अदालत की संवैधानिक प्रक्रियाओं से तय होता है, ऐसे तांत्रिकों और अंधविश्वास के बहकावे में न आएं.