तमिलनाडु: 220 विधायकों को मिले 50 फीसदी से कम वोट
नई दिल्ली । डेस्क: एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) और तमिलनाडु इलेक्शन वॉच (TNEW) की होश उड़ाने वाली ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, हाल ही में संपन्न हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में जनता की पसंद को लेकर एक दिलचस्प खेल देखने को मिला है. राज्य की सभी 234 विधानसभा सीटों के विश्लेषण के बाद सामने आया है कि 220 विधायक ऐसे हैं, जो अपनी-अपनी सीटों पर कुल पड़े वोटों का आधा हिस्सा (50 प्रतिशत) भी हासिल नहीं कर पाए.
यानी आधे से ज्यादा जनता ने उनके खिलाफ वोट किया, फिर भी वे 'फर्स्ट पास्ट द पोस्ट' सिस्टम के चलते जीतकर विधानसभा पहुंच गए.
इस बार के चुनावों में जीत का औसत गणित काफी नीचे गिरा है. साल 2026 के इस चुनाव में विजेताओं का औसत वोट शेयर गिरकर महज 38.99 प्रतिशत रह गया है, जबकि साल 2021 के विधानसभा चुनावों में यह आंकड़ा 48.37 प्रतिशत था.
चौंकाने वाली बात यह है कि इस बार रिकॉर्ड 85.91 प्रतिशत भारी मतदान हुआ था, जो 2021 के 73.45 प्रतिशत के मुकाबले कहीं ज्यादा है. इसके बावजूद सिर्फ 14 उम्मीदवार ही ऐसे रहे, जिन्होंने 50 प्रतिशत या उससे अधिक वोट हासिल कर एकतरफा जीत दर्ज की.
रिपोर्ट में जीत के अंतर को लेकर भी कई बातें सामने आई हैं. चुनाव में जहां 15 उम्मीदवार ऐसे रहे जिनकी किस्मत का फैसला 1,000 से भी कम वोटों के अंतर से हुआ, वहीं 8 उम्मीदवारों ने 25 प्रतिशत से अधिक के भारी अंतर से क्लीन स्वीप किया.
अमीरों और आम उम्मीदवारों की बात करें तो कुल 194 करोड़पति विजेताओं में से केवल 11 और 40 गैर-करोड़पति विजेताओं में से महज 3 उम्मीदवार ही 50 फीसदी से ज्यादा वोट शेयर बटोर पाए.
महिलाओं की हिस्सेदारी के मामले में इस बार कुल 234 विधायकों में से केवल 23 महिलाएं जीतकर आई हैं. हालांकि, इन सभी महिला विजेताओं का प्रदर्शन काफी मजबूत रहा और सभी ने अपनी सीटों पर 32 प्रतिशत से अधिक वोट हासिल किए.
इनमें तिरुपुर (उत्तर) सीट से टीवीके (TVK) पार्टी की वी. सत्यभामा ने बाजी मारी, जिन्हें महिला उम्मीदवारों में सबसे ज्यादा 49.88 प्रतिशत वोट मिले. गौरतलब है कि इस चुनाव में पड़े कुल 4,93,24,125 वोटों में से 1,99,805 वोट (0.41%) 'नोटा' (NOTA) के खाते में गए, जहां मतदाताओं ने किसी भी उम्मीदवार को पसंद नहीं किया.