तमन्ना भाटिया के फिटनेस का राज
मुंबई । डेस्क: सोशल मीडिया पर आजकल तेजी से वजन घटाने वाले वीडियो की भरमार है, लेकिन अभिनेत्री तमन्ना भाटिया के फिटनेस कोच सिद्धार्थ सिंह ने ऐसे शॉर्टकट तरीकों को लेकर गंभीर चेतावनी दी है. सिद्धार्थ के अनुसार, बिना विशेषज्ञ की सलाह के इंटरनेट पर वायरल डाइट प्लान फॉलो करना शरीर को फायदे के बजाय भारी नुकसान पहुंचा सकता है.
उन्होंने विशेष रूप से 'लो-कार्ब डाइट' को खतरनाक बताया है, क्योंकि कार्बोहाइड्रेट पूरी तरह छोड़ने से शरीर का हार्मोनल संतुलन बिगड़ जाता है और ऊर्जा का स्तर गिर जाता है. उन्होंने सलाह दी है कि कार्ब्स को पूरी तरह बंद करने के बजाय कैलोरी काउंट पर ध्यान देना चाहिए.
इसके अलावा, सिद्धार्थ ने बाजार में बिकने वाली 'डिटॉक्स टी' को महज एक मार्केटिंग हथकंडा करार दिया है. उनका कहना है कि कोई भी सप्लीमेंट शरीर को डिटॉक्स नहीं करता, बल्कि शरीर को प्राकृतिक रूप से साफ रखने के लिए फाइबर युक्त भोजन, शारीरिक सक्रियता और पर्याप्त नींद जरूरी है.
सबसे महत्वपूर्ण बात जो उन्होंने साझा की, वह है नींद के साथ समझौता न करना. जिम जाने के लिए अपनी नींद कुर्बान करना सेहत पर उल्टा असर डालता है, क्योंकि नींद की कमी से मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है और शरीर में चर्बी जमा होने लगती है. स्वस्थ रहने के लिए हर व्यक्ति को कम से कम 7 से 8 घंटे की गहरी नींद लेनी अनिवार्य है.