गुरू, 19 नव. 2026

CGKhabar

बिना डॉक्टर के पर्चे के अब नहीं मिलेंगी सिरप

C

CG Khabar

16 जून 2026, 07:39 AM 2 मिनट में पढ़ें 20

Syrup
Syrup

नई दिल्ली । डेस्क: केंद्र सरकार ने दवाओं की बिक्री को लेकर एक बड़ा और कड़ा फैसला लिया है. सरकार द्वारा जारी एक ताजा अधिसूचना के मुताबिक, अब देश में खांसी की दवा (कफ सिरप) समेत सभी प्रकार के सिरप बिना डॉक्टर के पर्चे (प्रिस्क्रिप्शन) के नहीं खरीदे जा सकेंगे. इसका सीधा मतलब यह है कि अब मेडिकल स्टोर्स पर सिरप की 'ओवर-द-काउंटर' (OTC) यानी बिना पर्चे वाली बिक्री पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है.


केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने इस संबंध में ड्रग्स रूल्स, 1945 में संशोधन की अधिसूचना जारी की है. यह नियम ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 के तहत दवाओं के विनियमन को तय करते हैं. 

विज्ञापन


सरकार के इस नए कदम के बाद अब नियमों की उस छूट वाली सूची से 'सिरप' शब्द को हटा दिया गया है, जिसके तहत पहले कफ सिरप, लोजेंज (चूसने वाली गोलियां), और खांसी की गोलियों को बिना पर्चे के बेचने की अनुमति थी.


हालांकि, राहत की बात यह है कि खांसी की गोलियों, टैबलेट और लोजेंज पर यह नियम लागू नहीं होगा. यानी मरीज इन्हें पहले की तरह ही बिना डॉक्टर के पर्चे के सीधे मेडिकल स्टोर से खरीद सकेंगे, केवल सिरप के लिए ही डॉक्टर की पर्ची अनिवार्य की गई है.


मंत्रालय ने इस फैसले को अचानक लागू नहीं किया है. इससे पहले दिसंबर 2025 में एक ड्राफ्ट (प्रारूप) अधिसूचना जारी की गई थी, जिस पर सरकार ने आम जनता और इस क्षेत्र से जुड़े सभी हितधारकों से आपत्तियां और सुझाव मांगे थे. 


सरकार के अनुसार, ड्राफ्ट पर मिले सभी सुझावों और प्रतिक्रियाओं पर गहन विचार-विमर्श करने के बाद ही इस अंतिम अधिसूचना को मंजूरी दी गई है. इस फैसले से सिरप के अत्यधिक और बिना डॉक्टरी सलाह के होने वाले इस्तेमाल पर लगाम कसने की उम्मीद है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP