IPL फाइनल पर सट्टा लगाने वाले सिंडिकेट का भंडाफोड़
रायगढ़ । संवाददाता: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के गुजरात टाइटंस (GT) बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के फाइनल मुकाबले के दौरान चल रहे एक बड़े ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा सिंडिकेट को रायगढ़ पुलिस ने पूरी तरह से नेस्तनाबूद कर दिया है. साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन और खरसिया चौकी की एक संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खरसिया के गंज बाजार इलाके से दो सटोरियों (बुकियों) को गिरफ्तार किया है.
पुलिस ने इनके पास से ₹31,99,700 की नकदी, दो मोबाइल फोन और एक कैश-काउंटिंग मशीन बरामद की है. इस संगठित अपराध सिंडिकेट से जुड़े तीन अन्य लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस को खुफिया जानकारी मिली थी कि खरसिया के गंज बाजार क्षेत्र में आईपीएल फाइनल के नतीजों पर बड़े पैमाने पर ऑनलाइन सट्टेबाजी का रैकेट चलाया जा रहा है. इस इनपुट पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने तुरंत योजना बनाई.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा और एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में कई टीमों का गठन किया गया. खरसिया चौकी प्रभारी इंस्पेक्टर त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने गंज बाजार इलाके में एक साथ छापेमारी की.
इस रेड के दौरान पुलिस ने गगन अग्रवाल और शुभम अग्रवाल को रंगे हाथों दबोच लिया. कड़ी पूछताछ में दोनों ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी का रैकेट चलाने की बात कबूल की. इसके साथ ही उन्होंने इस सिंडिकेट के तीन अन्य मुख्य सदस्यों रिकेश राय, अर्जुन राठौर और साहिल अग्रवाल के नामों का भी खुलासा किया.
आरोपियों ने बताया कि फरार आरोपी साहिल अग्रवाल सट्टे से आने वाले पैसों को अपने बिजनेस में खपाता था और कमीशन के जरिए मुनाफा कमाता था. पुलिस ने आरोपियों के पास से एक वनप्लस नॉर्ड और एक सैमसंग गैलेक्सी मोबाइल फोन जब्त किया है, जिसमें ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े डिजिटल आईडी और तकनीकी सबूत मिले हैं.
गिरफ्तार सटोरियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने एसबीआई बैंक के पीछे, गोपाल राइस मिल कॉलोनी स्थित साहिल अग्रवाल के आवास पर दबिश दी. हालांकि, पुलिस की गाड़ी देखते ही साहिल अग्रवाल मौके से फरार हो गया, लेकिन वह वहां दो बैग और एक कैश-काउंटिंग मशीन छोड़ गया.
साहिल के पिता मुकेश अग्रवाल और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में जब बैग्स की तलाशी ली गई, तो उसमें से ₹31,99,700 कैश बरामद हुआ. इस भारी-भरकम रकम के संबंध में परिवार कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका. शुरुआती जांच में इस पैसे का सीधा संबंध सट्टेबाजी से पाए जाने पर पुलिस ने इसे जब्त कर लिया.
रायगढ़ पुलिस ने इस मामले में पांचों आरोपियों गगन अग्रवाल, शुभम अग्रवाल, रिकेश राय, अर्जुन राठौर और साहिल अग्रवाल के खिलाफ छत्तीसगढ़ राज्य जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112(2) व 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है.
फिलहाल फरार आरोपी साहिल अग्रवाल, रिकेश राय और अर्जुन राठौर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं. पकड़ा गया एक आरोपी गगन अग्रवाल पुराना अपराधी है, जिसे इसी साल मार्च में चक्रधर नगर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के मामले में गिरफ्तार किया था.
रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह ने ऑनलाइन जुए के खिलाफ सख्त अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं. एसएसपी सिंह ने साफ कहा है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की 'ऑपरेशन अंकुश' के तहत कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और इस अवैध कारोबार में शामिल हर छोटे-बड़े अपराधी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे. इस सफल कार्रवाई में इंस्पेक्टर त्रिनाथ त्रिपाठी, एएसआई नंद कुमार सारथी, ज्योत्स्ना शर्मा और अन्य पुलिसकर्मियों की मुख्य भूमिका रही.