नेतन्याहू की हंगरी यात्रा पर गिरफ्तारी की तलवार: भावी पीएम का बड़ा ऐलान
नई दिल्ली । डेस्क: हंगरी में प्रधानमंत्री पद की कमान संभालने जा रहे पीटर मग्यार ने एक बड़ा बयान देते हुए कहा है कि उनका देश अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (आईसीसी) द्वारा जारी किए गए गिरफ्तारी वारंट का पूरी तरह पालन करेगा.
मग्यार ने स्पष्ट किया है कि यदि इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू इस साल के अंत में बुडापेस्ट आते हैं, तो उन्हें कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है.
गौरतलब है कि साल 2024 में आईसीसी ने नेतन्याहू के खिलाफ गाजा युद्ध के दौरान मानवता के खिलाफ अपराध और युद्ध अपराधों के आरोपों में वारंट जारी किया था.
इन आरोपों में युद्ध के तरीके के रूप में भुखमरी का इस्तेमाल करना भी शामिल है.
पीटर मग्यार का यह रुख इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि उन्होंने खुद ही इजरायली नेता को हंगरी आने का निमंत्रण दिया था, लेकिन अब उन्होंने साफ कर दिया है कि देश की प्रतिबद्धता अंतरराष्ट्रीय कानूनी नियमों के साथ रहेगी और वारंट के दायरे में आने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कदम उठाए जाएंगे.