स्वाति मालीवाल ने केजरीवाल पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप
नई दिल्ली । डेस्क: आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने शुक्रवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देकर राजनीतिक हलकों में हलचल पैदा कर दी है. अपने इस्तीफे की घोषणा करते हुए मालिवाल ने पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि पार्टी अपने बुनियादी सिद्धांतों और ईमानदार राजनीति के रास्ते से पूरी तरह भटक चुकी है.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जारी एक बयान में मालीवाल ने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने 2006 में सेवा का पथ चुना था. उन्होंने सूचना के अधिकार आंदोलन, अन्ना हजारे के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन और दिल्ली महिला आयोग में अपने आठ साल के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने हर जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभाई.
हालांकि, उन्होंने भारी मन से यह आरोप लगाया कि जिस संकल्प के साथ 'आप' की नींव रखी गई थी, उसे अरविंद केजरीवाल के इशारे पर त्याग दिया गया है.
मालीवाल ने केजरीवाल के आधिकारिक आवास पर उनके साथ हुई कथित बदसलूकी और मारपीट की घटना का भी उल्लेख किया. उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर उनके साथ शारीरिक हिंसा की गई और बाद में आरोपियों को बचाने की कोशिशें भी हुईं.
इसके अलावा, उन्होंने पंजाब में 'लूट' और पार्टी के भीतर 'अपराधिक तत्वों' को बढ़ावा देने के आरोप लगाते हुए कहा कि वह अब ऐसे माहौल में काम नहीं कर सकतीं.
गौरतलब है कि मालीवाल का यह इस्तीफा उस दिन आया है जब राघव चड्ढा, संदीप पाठक और हरभजन सिंह समेत सात राज्यसभा सांसदों के भी पार्टी छोड़ने की खबरें सामने आई हैं.
स्वाति मालीवाल ने स्पष्ट किया कि वह दिल्ली पहुँचने के बाद इस पूरे मामले पर विस्तार से अपनी बात रखेंगी. उनके इस कदम से दिल्ली की सत्ताधारी पार्टी के भीतर चल रहा आंतरिक संकट अब और गहरा गया है.