शुक्र, 13 नव. 2026

CGKhabar

ट्रेन से लापता गुवाहाटी की कॉलेज छात्रा की संदिग्ध मौत, आंध्र प्रदेश में पटरियों के पास मिला शव

C

CG Khabar

09 अक्टू. 2026, 07:49 AM 3 मिनट में पढ़ें 13

शव
शव

विशाखापट्टनम । डेस्क: असम के कामरूप जिले की रहने वाली 20 वर्षीय आदिवासी छात्रा की आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में रेलवे पटरियों के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. बी बरुआ कॉलेज (गुवाहाटी) की यह छात्रा एक डांस ग्रुप के साथ विशाखापट्टनम गई थी. आगामी 10 अक्टूबर को आयोजित होने वाली बैंक परीक्षा में शामिल होने के लिए वह डिब्रूगढ़ विवेक एक्सप्रेस से वापस गुवाहाटी लौट रही थी, लेकिन रास्ते में ही लापता हो गई. 


बाद में उसका शव श्रीकाकुलम के मलयपुरम के पास एक जंगली इलाके में पटरियों के पास से बरामद किया गया. पुलिस फिलहाल इस बात की जांच कर रही है कि यह हादसा था या इसके पीछे कोई साजिश है.

विज्ञापन


तत्काल टिकट न मिलने पर पकड़ा विवेक एक्सप्रेस का जनरल कोच


छात्रा विशाखापट्टनम में सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद वापस लौटना चाहती थी. उसने 5 अक्टूबर की शाम को सिलचर एक्सप्रेस में तत्काल ऑनलाइन टिकट बुक करने की कोशिश की, लेकिन आरक्षण कन्फर्म नहीं हो सका. इसके बाद वह विशाखापट्टनम रेलवे स्टेशन पहुंची और डिब्रूगढ़ विवेक एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 22503) में सवार हो गई. परिजनों के अनुसार, वह 5 अक्टूबर की देर रात करीब 11:50 बजे ट्रेन में चढ़ी थी, जिसे 7 अक्टूबर की सुबह गुवाहाटी पहुंचना था.


भीड़ और पुरुषों से घिरे होने के कारण छात्रा ने जताया था डर


सफर के दौरान छात्रा अपने परिजनों और दोस्तों के लगातार संपर्क में थी. उसने अपने दोस्तों और मां को भेजे संदेशों में बताया था कि डिब्बे में भारी भीड़ है और वह मुख्य रूप से पुरुष यात्रियों से घिरी हुई है. अकेली होने और आसपास पुरुषों की अधिक संख्या देखकर उसने भारी डर व्यक्त किया था. 6 तारीख की दोपहर बाद से उसका मोबाइल फोन बंद आने लगा, जिसके बाद चिंतित परिजनों ने गुवाहाटी जीआरपी और रेलवे हेल्पलाइन 139 पर शिकायत दर्ज कराई. रेलवे पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू किया तो ट्रेन के एस-2 कोच से उसका बैग और अन्य सामान बरामद हुआ.


सीसीटीवी फुटेज और अज्ञात व्यक्ति की भूमिका की जांच में जुटी पुलिस


घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम में रेलवे ट्रैक के पास से छात्रा का शव बरामद किया. जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम मामले की गहनता से जांच कर रही हैं. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटनास्थल का निरीक्षण, शव की स्थिति, चोट के निशान और छात्रा के अंतिम संदेशों को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है.


इसके साथ ही विशाखापट्टनम रेलवे प्लेटफॉर्म के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, जहां छात्रा के साथ एक अज्ञात व्यक्ति को देखा गया था. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि क्या वह व्यक्ति भी इस घटनाक्रम से जुड़ा हुआ है. मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमाॉर्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
असम सड़क हादसा- 23 मृत, 20 घायल
देश-विदेश

असम के काजीरंगा में भीषण सड़क हादसा, मिनीबस और ट्रक की सीधी टक्कर में 23 की मौत, 20 घायल

3 घंटे पहले

जयराम रमेश- कांग्रेस महासचिव
देश-विदेश

अदाणी सतारा प्रोजेक्ट की लागत 99 फीसदी घटाने की रिपोर्ट पर कांग्रेस ने मोदी सरकार को घेरा

9 घंटे पहले

UAE Fujairah Road Accident
देश-विदेश

UAE: 23 गाड़ियों की भीषण टक्कर और आग में 14 लोगों की मौत, भारतीयों समेत 30 घायल

21 घंटे पहले

गादी आइजनकोट- इज़रायल के नामित प्रधानमंत्री
देश-विदेश

गादी आइज़नकोट और बेंजामिन नेतन्याहू ने इज़राइल की चुनौतियों पर किया मंथन

21 घंटे पहले

न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन में तीन मंजिला इमारत ढ़ही
देश-विदेश

न्यूयॉर्क: ब्रुकलिन में ताश के पत्तों की तरह ढही तीन मंजिला इमारत, 8 लोगों दर्दनाक मौत, 17 घायल

22 घंटे पहले

डब्लिन, आयरलैंड में डाटा सेंटर के खिलाफ प्रदर्शन
देश-विदेश

यूरोप में डेटा सेंटर निर्माण के खिलाफ विरोध तेज, 'अन्न बनाम डिजिटल' की जंग छिड़ी

22 घंटे पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP