अफीम केस में निलंबित कृषि अधिकारी एकता साहू बहाल
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में करोड़ों की अवैध अफीम खेती मामले में गाज गिरने के बाद अब ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एकता साहू की सेवा में वापसी हो गई है. दुर्ग कलेक्टर द्वारा निलंबित की गईं एकता साहू को संभागीय संयुक्त संचालक कृषि ने बहाल करने का आदेश जारी कर दिया है.
निलंबन रद्द होने के बाद उन्हें धमधा विकासखंड के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय में पदस्थ किया गया है.
यह पूरा मामला समोदा गांव में पुलिस द्वारा पकड़ी गई करीब 8 करोड़ रुपये की अफीम की खेती से जुड़ा है.
जांच में सामने आया था कि जिस जमीन पर अफीम उगाई जा रही थी, उसे विभागीय दस्तावेजों में मक्के का 'प्रदर्शन प्लॉट' दिखाया गया था.
एकता साहू पर आरोप थे कि उन्होंने नियमों को ताक पर रखकर धान के खेत को मक्के का खेत बताया और फोटो में भी हेरफेर कर सरकारी प्रोत्साहन राशि का लाभ लिया.
इसी लापरवाही और सिविल सेवा नियमों के उल्लंघन के चलते 13 मार्च को उन पर निलंबन की कार्रवाई की गई थी.
हालांकि, सुनवाई के दौरान एकता साहू की ओर से तर्क दिया गया कि संसाधनों की कमी और अफीम जैसी फसल की पहचान करने के लिए पर्याप्त प्रशिक्षण न होने के कारण यह चूक हुई.
दूसरी ओर, इस निलंबन के विरोध में जिले के 100 से अधिक कृषि अधिकारियों और कर्मचारियों ने मोर्चा खोल दिया था.
कर्मचारियों ने इसे 'तर्कहीन कार्रवाई' बताते हुए अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल शुरू कर दी थी.
विभागीय दबाव और तकनीकी दलीलों के मद्देनजर अब उनकी बहाली का फैसला लिया गया है. हालांकि, निलंबन अवधि के वेतन और अन्य विभागीय कार्रवाई पर अंतिम निर्णय कलेक्टर की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही तय होगा.