रवि, 08 नव. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़: सरगुजा के लखनपुर में हत्या

C

CG Khabar

08 अप्रै. 2026, 03:55 AM 2 मिनट में पढ़ें 9

हत्या
हत्या

अंबिकापुर । संवाददाता: सरगुजा जिले के लखनपुर थाना अंतर्गत अंधला क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने खूनी वारदात को अंजाम दिया. घर लौट रहे एक दंपती पर घात लगाकर बैठे चार हमलावरों ने लाठी और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया. 


इस बर्बर पिटाई में गंभीर रूप से घायल महिला ने रायपुर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया, जबकि उसके पति की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है.

विज्ञापन


मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम अंधला निवासी कपिल दास (40 वर्ष) अपनी पत्नी निर्मला दास (38 वर्ष) के साथ सोमवार की शाम बाइक से बगदरी गए थे. 


रात में जब वे वापस लौट रहे थे, तभी अंधला के माझापारा के पास अंधेरे का फायदा उठाकर चार युवकों ने उन्हें बीच रास्ते में रोक लिया. 


इससे पहले कि कपिल कुछ समझ पाते, हमलावरों ने उन पर डंडों और रॉड से वार करना शुरू कर दिया. पति को बचाने के लिए जब निर्मला बीच में आई, तो आरोपियों ने उसे भी लहूलुहान कर दिया.


दोनों को मरणासन्न स्थिति में छोड़कर हमलावर मौके से फरार हो गए. शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्काल दोनों को लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. 


प्राथमिक उपचार के बाद निर्मला की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए उसे फौरन रायपुर रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया.


 वहीं, घायल कपिल दास का उपचार अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में जारी है. मंगलवार सुबह होश में आने के बाद कपिल ने इस खौफनाक घटना की जानकारी दी.


फिलहाल, पुलिस इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि यह हमला लूटपाट के इरादे से किया गया था या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ने बताया कि पुलिस टीम घटनास्थल का मुआयना कर चुकी है और संदिग्धों की तलाश जारी है. पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की विस्तृत जांच कर रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP