मंगल, 17 नव. 2026

CGKhabar

सरगुजा: नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

C

CG Khabar

23 सित. 2026, 02:45 AM 2 मिनट में पढ़ें 38

जहर पीना
जहर पीना

अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के मैनपाट थाना क्षेत्र में शादी के महज 4-5 महीने बाद ही एक 20 वर्षीय नवविवाहिता वर्षा यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में जान चली गई. अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ने वाली वर्षा ने चूहा मारने की दवा खा ली थी. मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था, यहाँ तक कि उसके साथ मारपीट भी की जाती थी.


सूरजपुर के प्रगतिनगर निवासी वर्षा की शादी इसी वर्ष 1 मई को मैनपाट के लुरैना निवासी अजय यादव से हुई थी. परिजनों के अनुसार, वर्षा आगे M.Sc. की पढ़ाई करना चाहती थी और शादी के वक्त ससुराल वालों ने इसके लिए सहमति भी दी थी. 

विज्ञापन


हालांकि, 15 सितंबर को वर्षा ने फोन पर अपने पिता उमेश यादव को बताया था कि उसके पति ने उसके साथ गंभीर मारपीट की है और उसका गला दबाने का प्रयास किया. उस वक्त पिता ने इसे सामान्य अनबन समझकर शांत रहने की सलाह दी थी, लेकिन स्थिति धीरे-धीरे बेहद दर्दनाक मोड़ पर पहुंच गई.


घटना के दिन, 18 सितंबर की दोपहर करीब 12 बजे वर्षा ने अपने पिता को वॉट्सऐप पर एक भावुक संदेश भेजा, जिसमें उसने लिखा कि वह अब जीना नहीं चाहती और उसे सुकून से मरने दिया जाए. इस मैसेज के कुछ ही देर बाद उसके पति अजय का फोन आया कि वर्षा की तबीयत बिगड़ गई है और उसे अंबिकापुर के मिशन अस्पताल ले जाया जा रहा है. 


अस्पताल पहुंचने पर पिता को पता चला कि बेटी ने जहरीला पदार्थ खा लिया है. आईसीयू में भर्ती रहने के दौरान 19 सितंबर को भी वर्षा ने अपने पिता से ससुराल वालों के दुर्व्यवहार की बात कही थी, जिसके बाद आखिरकार मंगलवार सुबह उसकी मृत्यु हो गई.


घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया. नायब तहसीलदार और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर परिजनों के बयान दर्ज किए हैं. प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक मायके पक्ष ने मारपीट के साथ-साथ पैसों के लेनदेन को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. फिलहाल मैनपाट थाना पुलिस और नायब तहसीलदार सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कर रहे हैं, ताकि मौत की असली वजह और प्रताड़ना के पीछे के कारणों का पूरी तरह खुलासा हो सके.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP