सरगुजा: प्लाज्मोडियम फाल्सीपेरम मलेरिया का कहर, 39 मरीज मिले
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में मानसून के दौरान मलेरिया का गंभीर खतरा मंडराने लगा है. उदयपुर ब्लॉक के दूरस्थ और पहाड़ी इलाकों में घातक प्लाज्मोडियम फाल्सीपेरम (PF) मलेरिया के मामले तेजी से सामने आ रहे हैं. स्वास्थ्य विभाग से मिले आंकड़ों के अनुसार, पिछले दो महीनों में इस ब्लॉक में संक्रमितों की संख्या 6 जून को मिले पहले मामले के बाद से लगातार बढ़ते हुए अब 39 तक पहुंच गई है.
उदयपुर के साथ-साथ पड़ोसी लखनपुर ब्लॉक के एक गांव में भी एक ही परिवार के पांच सदस्यों के संक्रमित पाए जाने से इलाके में हड़कंप मच गया है, हालांकि पीड़ित परिवार का इलाज कर उन्हें राहत दी गई है.
मलेरिया का शिकार बनने वालों में विशेष रूप से मतरिंगा, खर्रानगर, मुसरडांड, मुकना पहाड़, बारो पहाड़, बकोई और सेमी घोघरा जैसे दुर्गम गांव शामिल हैं, जहां मुख्य रूप से पहाड़ी कोरवा और पंडो जनजाति के लोग निवास करते हैं. मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. पीएस मार्को ने जानकारी दी है कि प्लाज्मोडियम फाल्सीपेरम संक्रमण बेहद खतरनाक होता है, क्योंकि यह शरीर में हीमोग्लोबिन के स्तर को तेजी से गिराता है और समय पर उपचार न मिलने पर मरीज की जान भी जा सकती है.
इस स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीमें पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार कैंप लगाकर घर-घर जांच कर रही हैं. अब तक सामने आए कुल 44 मामलों में से अधिकांश मरीज ठीक हो चुके हैं और वर्तमान में केवल 4 से 5 सक्रिय मरीजों का इलाज चल रहा है.
स्वास्थ्य तंत्र के सामने सबसे बड़ी चुनौती केवल संक्रमण रोकना ही नहीं, बल्कि स्थानीय ग्रामीणों में जागरूकता की कमी भी बनी हुई है. मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के लिए विभाग द्वारा गांव-गांव में मच्छरदानियों का वितरण किया गया है, लेकिन मूसलडांड जैसे इलाकों में ग्रामीण इन मच्छरदानियों का उपयोग सोने के बजाय नदियां-नालों में मछली पकड़ने के लिए कर रहे हैं.
इसके बावजूद ग्रामीण नई मच्छरदानियों की मांग कर रहे हैं. स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि विभाग की टीमें लगातार लोगों को समझा रही हैं कि वे अपनी सुरक्षा के लिए नियमित रूप से मच्छरदानी लगाकर सोएं, ताकि इस जानलेवा बीमारी को फैलने से रोका जा सके.