प्लेटिनम की कीमतों में उछाल: कैंसर की दवाओं के दाम 50% बढ़ सकते हैं
मुंबई । डेस्क: भारत में कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली प्रमुख दवाओं कार्बोप्लेटिन, ऑक्सीप्लेटिन और सिस्प्लैटिन की उपलब्धता पर बड़ा संकट मंडरा रहा है. कच्चे माल के रूप में इस्तेमाल होने वाले प्लेटिनम की कीमतों में भारी उछाल के कारण दवा निर्माता कंपनियों ने इसे 'घाटे का सौदा' बताया है.
इस स्थिति से निपटने के लिए घरेलू दवा कंपनियों ने राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण का रुख किया है और इन जीवन रक्षक दवाओं की अधिकतम बिक्री मूल्य में 50% की बढ़ोतरी की मांग की है.
सिप्ला, डॉ. रेड्डीज, जायडस और इंटास जैसी दिग्गज कंपनियों का कहना है कि पिछले छह महीनों में भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के कारण प्लेटिनम के दाम लगभग दोगुने हो गए हैं.
पिछले साल सितंबर में जो प्लेटिनम ₹3,869 प्रति ग्राम था, वह इस साल फरवरी में बढ़कर ₹8,000 प्रति ग्राम तक पहुंच गया. वर्तमान में कार्बोप्लेटिन (10 mg/ml) की कीमत ₹61.10 प्रति वायल निर्धारित है, जिसे कंपनियां अब अव्यवहारिक मान रही हैं.
विशेषज्ञों के अनुसार, ये 'प्लेटिनम आधारित दवाएं' सिर, गर्दन, स्तन और फेफड़ों के कैंसर के इलाज के लिए 'फर्स्ट-लाइन' ट्रीटमेंट का आधार हैं.
यदि सरकार ने हस्तक्षेप नहीं किया, तो इनकी किल्लत हो सकती है, जिससे हजारों मरीजों का इलाज प्रभावित होने का डर है.
नीति आयोग की एक समिति ने पहले भी ऐसी स्थितियों में आवश्यक दवाओं की कीमतों में 50% की एकमुश्त वृद्धि की सिफारिश की थी, जिसे अब दवा उद्योग फिर से लागू करने की गुहार लगा रहा है. Symbolic Photo