सूरजपुर: हाथी के हमले में युवक की मौत, ग्रामीणों का चक्काजाम
सूरजपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम कोटबहरा में बुधवार रात एक दंतैल हाथी ने 28 वर्षीय युवक केशव को बेरहमी से कुचलकर मार डाला. मिली जानकारी के अनुसार, युवक अपना काम खत्म कर घर लौट रहा था, तभी अंधेरे में उसका सामना एक जंगली हाथी से हो गया.
भागने की कोशिश के बावजूद हाथी ने उसे पकड़कर जमीन पर पटक दिया और पैरों से कुचल दिया, जिससे केशव की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने गुरुवार सुबह कल्याणपुर के पास अंबिकापुर-प्रतापपुर मुख्य मार्ग पर केशव का शव रखकर चक्काजाम कर दिया.
प्रदर्शनकारी शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे.
हंगामे की सूचना मिलते ही सूरजपुर एसडीएम शिवानी जायसवाल और पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया. करीब एक घंटे तक चले इस विरोध प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं.
वन विभाग के मुताबिक, वर्तमान में प्रतापपुर और सूरजपुर की सीमा पर हाथियों का दल सक्रिय है. जिस दंतैल ने युवक पर हमला किया, वह अपने 7 साथियों के दल से अलग होकर कोटबहरा क्षेत्र में दाखिल हुआ था, जबकि बाकी 6 हाथी खड़गवां इलाके में फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं.
ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग इस अकेले हाथी की निगरानी करने में विफल रहा, जिसके कारण उन्हें समय पर सूचना नहीं मिल सकी. फिलहाल महुआ सीजन होने की वजह से ग्रामीण डरे हुए हैं, वहीं वन विभाग ने लोगों को जंगल की ओर न जाने की हिदायत दी है. Symbolic Photo