सूरजपुर: एक्सीडेंट में तीन की मौत के बाद ग्रामीणों ने ट्रक में लगाई आग
सूरजपुर: एक्सीडेंट के बाद ग्रामीणों ने ट्रक में लगाई आग, 3 मौतें
सूरजपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई. इस दर्दनाक सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया.
घटना प्रतापपुर थाना क्षेत्र के बैकोना गांव की है. इस भयंकर टक्कर के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने मौके पर ही ट्रक को आग के हवाले कर दिया. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे और दमकल की मदद से आग पर काबू पाया. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की तफ्तीश में जुट गई है.
जांच में यह भी पता चला है कि इस भीषण हादसे से ठीक पहले इसी ट्रक ने शिवपुर के पास एक कार को भी टक्कर मारी थी. उस वक्त कार सवारों और ट्रक चालक के बीच काफी बहस हुई, जिसे देखने के बाद पुलिस की पेट्रोलिंग टीम वहां पहुंची थी. पुलिस को आते देख ट्रक ड्राइवर गिरफ्तारी के डर से गाड़ी को बीच सड़क पर ही छोड़कर रफूचक्कर हो गया था. कार सवार भी पुलिस से बातचीत करने के बाद वहां से निकल गए थे.
इसी बीच, शादी समारोह में शामिल होने जा रहे चारों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर मुख्य मार्ग से गुजरे और सड़क पर खड़े मक्का लोड ट्रक के पीछे जा घुसे. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए.
इस हादसे की चपेट में आने वाले चारों युवक बैकोना गांव के ही रहने वाले थे. मृतकों की शिनाख्त 20 वर्षीय रूपचंद पैकरा, 19 वर्षीय रविंद्र पैकरा और 18 वर्षीय ओम प्रकाश पैकरा के रूप में हुई है. वहीं 16 साल का अरमान पैकरा इस हादसे में गंभीर रूप से जख्मी हो गया है. उसे प्राथमिक इलाज के बाद नाजुक हालत में अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए रेफर किया गया है.
हादसे की भयावहता को देखकर आक्रोशित हुए ग्रामीणों ने मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम पर अपना गुस्सा निकाल दिया. ग्रामीणों ने गाड़ियों की चेकिंग और लापरवाही से ट्रक रोकने का आरोप लगाते हुए डायल 112 के आरक्षक नीतेश टोप्पो और सरकारी वाहन के चालक के साथ जमकर मारपीट की.
हालांकि, उसी टीम ने सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल घायलों को प्रतापपुर अस्पताल पहुंचाया था. इस संबंध में प्रतापपुर एसडीओपी अनूप एक्का ने बताया कि सड़क दुर्घटना की जांच के साथ-साथ, पुलिस कर्मियों और शासकीय कर्मचारियों के साथ की गई मारपीट के मामले में ग्रामीणों के खिलाफ अलग से एफआईआर दर्ज की जा रही है.