सूरजपुर: रेलवे चपरासी नौकरी ठगी में फरार आरोपी सुदामा गिरफ्तार
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में तीन साल पहले रेलवे विभाग में चपरासी की नौकरी लगवाने के नाम पर 2 लाख 38 हजार 600 रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. थाना जयनगर पुलिस ने आरोपी सुदामा दास (48 वर्ष), निवासी मरौल बरडीपा टोला, थाना बगीचा, जिला जशपुर को जशपुर जिले से पकड़ा.
प्रकरण में पीड़ित बालरूप सिंह, ग्राम आमगांव ने चार मई 2025 को थाना जयनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी. शिकायत के अनुसार सितंबर 2023 में आरोपी अज्जू सिंह (ठाकुरपुर निवासी) ने रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर कुल 2 लाख 38 हजार 600 रुपये लिए थे.
नौकरी न लगने पर 70 हजार रुपये वापस किए, लेकिन बाकी राशि नहीं लौटाई. आरोपी ने न तो पैसे वापस किए और न ही नौकरी लगवाई.
पूछताछ में सुदामा दास ने अज्जू सिंह के साथ मिलकर यह धोखाधड़ी की वारदात अंजाम देने की बात कबूल की. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया. गौरतलब है कि इस मामले में पहले आरोपी अज्जू सिंह को 6 मई 2025 को गिरफ्तार किया जा चुका है.
डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर पुराने लंबित मामलों की समीक्षा के बाद पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश तेज की थी, जिसके परिणामस्वरूप यह गिरफ्तारी हुई.