रवि, 08 नव. 2026

CGKhabar

सूरजपुर: स्कूली छात्रों से धुलवाए मिड-डे-मील के बर्तन, हेडमास्टर सस्पेंड

C

CG Khabar

15 मार्च 2026, 05:14 AM 2 मिनट में पढ़ें 10

निलंबित
निलंबित

अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में स्कूल प्रबंधन की बड़ी लापरवाही ने बच्चों के स्वास्थ्य को खतरे में डाल दिया. मामला देवीपुर स्थित अंबेडकर पारा के शासकीय माध्यमिक शाला का है, जहां स्कूली बच्चे नाले के दूषित पानी में मध्याह्न भोजन के बड़े-बड़े बर्तनों को धोते नजर आए. 


इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है. जिला शिक्षा अधिकारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्कूल की हेडमास्टर मारिया गोरेती को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, जबकि अन्य शिक्षकों पर भी कड़ी गाज गिरी है.

विज्ञापन


दरअसल, प्रदेशव्यापी रसोइया संघ की हड़ताल के चलते स्कूलों में भोजन व्यवस्था की जिम्मेदारी शिक्षकों के कंधों पर आ गई है. स्टाफ की कमी का हवाला देते हुए स्कूल प्रशासन ने बच्चों को ही सफाई के काम में झोंक दिया. 


जांच में पुष्टि हुई कि शिक्षकों के कहने पर ही बच्चे स्कूल के समीप बह रहे गंदे नाले में बर्तन साफ करने गए थे. ग्रामीणों द्वारा बनाए गए वीडियो में बच्चे नाले के पानी से बर्तन मांजकर वापस स्कूल ले जाते दिखे, जो न केवल स्वच्छता के मानकों का उल्लंघन है बल्कि बच्चों की सुरक्षा के साथ भी गंभीर समझौता है.


मामले की गंभीरता को देखते हुए बीईओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर डीईओ अजय मिश्रा ने हेडमास्टर के निलंबन के साथ-साथ सहायक शिक्षिका प्रेमलता पांडेय और जितेश्वरी की एक-एक वेतन वृद्धि (इंक्रीमेंट) रोकने के आदेश दिए हैं. 


इसके अलावा संकुल प्राचार्य और समन्वयक सहित चार अन्य जिम्मेदारों को 'कारण बताओ नोटिस' जारी किया गया है. शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि संसाधनों की कमी का अर्थ यह कतई नहीं है कि नौनिहालों के जीवन और स्वास्थ्य के साथ इस तरह का खिलवाड़ किया जाए.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP