सुप्रीम कोर्ट: जिन्हें बल्ला पकड़ना नहीं आता, वे क्रिकेट एसोसिएशन में क्यों?
नई दिल्ली । डेस्क: सुप्रीम कोर्ट ने खेल निकायों में गैर-विशेषज्ञों और राजनीतिक दखलअंदाजी पर कड़ी नाराजगी जताते हुए मंगलवार को स्पष्ट किया कि क्रिकेट संघों का नेतृत्व रिटायर्ड क्रिकेटरों को करना चाहिए न कि उन लोगों को जिन्हें खेल की बुनियादी समझ तक नहीं है. मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत, न्यायमूर्ति जोयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ ने बॉम्बे हाई कोर्ट के उस आदेश में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया, जिसने 'भाई-भतीजावाद और पक्षपात' के आरोपों के बीच महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) के चुनावों पर रोक लगा दी थी.
सुनवाई के दौरान सीजेआई ने एमसीए की सदस्यता में अचानक आई भारी बाढ़ पर सवाल उठाते हुए कहा कि 1986 से 2023 के बीच जहां केवल 164 सदस्य थे, वहां 2023 के बाद अचानक 'बंपर ड्रा' की तरह नए सदस्य कैसे बढ़ गए?
अदालत ने सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि खेल संगठनों का अस्तित्व खिलाड़ियों की वजह से है, न कि प्रशासकों की वजह से. सीजेआई ने कहा कि यदि सदस्यता का विस्तार करना ही था, तो वे सीटें अंतरराष्ट्रीय स्तर के दिग्गज रिटायर्ड खिलाड़ियों के लिए आरक्षित होनी चाहिए थीं.
पीठ ने तंज कसते हुए कहा कि आज ऐसे लोगों को लाया जा रहा है जो बल्ला पकड़ना भी नहीं जानते.
गौरतलब है कि पूर्व भारतीय क्रिकेटर केदार जाधव ने बॉम्बे हाई कोर्ट में याचिका दायर कर आरोप लगाया था कि एनसीपी-एसपी विधायक रोहित पवार के करीबियों और व्यावसायिक सहयोगियों को जोड़कर मतदाता सूची में धांधली की जा रही है.
शीर्ष अदालत ने याचिकाकर्ताओं को अपनी आपत्तियां बॉम्बे हाई कोर्ट के समक्ष ही उठाने का निर्देश देते हुए याचिकाएं वापस लेने की अनुमति दे दी.