पूर्व CJI चंद्रचूड़ अब भी सरकारी बंगले में
पूर्व CJI चंद्रचूड़ अब भी सरकारी बंगला में
नई दिल्ली । डेस्क: पूर्व मुख्य न्यायाधीश डी.वाई. चंद्रचूड़ ने अब तक अपना सरकारी बंगला खाली नहीं किया है. दिल्ली के 5 कृष्ण मेनन मार्ग स्थित ‘टाइप-8’ बंगला, जो देश के मुख्य न्यायाधीशों के लिए आरक्षित है, को पूर्व मुख्य न्यायाधीश डी.वाई. चंद्रचूड़ ने निर्धारित समय के बाद भी खाली नहीं किया है.
इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर तत्काल बंगला खाली कराने की अपील की है.
नवंबर 2024 में मुख्य न्यायाधीश के पद से सेवानिवृत्त होने के बावजूद चंद्रचूड़ इस बंगले में रह रहे हैं. उनके दो उत्तराधिकारी, पूर्व CJI संजीव खन्ना और वर्तमान CJI बी.आर. गवई ने इस बंगले में रहने के बजाय अपने पुराने आवासों में रहना पसंद किया.
सुप्रीम कोर्ट के नियम 3बी के अनुसार, सेवानिवृत्ति के बाद कोई भी जज ‘टाइप-7’ बंगले में 6 महीने तक रह सकता है, लेकिन चंद्रचूड़ अभी भी ‘टाइप-8’ बंगले में हैं, और 6 महीने की समय सीमा भी बीत चुकी है.
चंद्रचूड़ ने दावा किया कि उनकी दो बेटियों का दिल्ली AIIMS में इलाज चल रहा है, जिसके कारण वह इस बंगले में रुके हैं. उन्होंने कहा, “सरकार ने किराये पर मेरे रहने की व्यवस्था की है, लेकिन मेरा नया आवास (14 तुगलक रोड) अभी मरम्मत के कारण रहने योग्य नहीं है. मैंने सुप्रीम कोर्ट को सूचित कर दिया है कि बंगला रहने योग्य होते ही मैं अगले दिन वहां चला जाऊंगा.”
सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र के आवास और शहरी विकास मंत्रालय को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है.
सूत्रों के अनुसार, ऐसा मामला पहले शायद ही देखा गया हो, जहां सुप्रीम कोर्ट को किसी पूर्व CJI से बंगला खाली कराने के लिये केंद्र को पत्र लिखना पड़ा हो.