SC: स्तनों में हाथ डालना या पजामा का नाड़ा खोलने की कोशिश attempt to rape
नई दिल्ली । डेस्क: सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को इलाहाबाद हाई कोर्ट के उस विवादित फैसले को पूरी तरह खारिज कर दिया, जिसमें कहा गया था कि किसी लड़की के स्तनों में हाथ डालना या उसके पजामा का नाड़ा खोलने की कोशिश बलात्कार या बलात्कार की कोशिश नहीं मानी जाएगी.
प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायाधीश जयमलय बागची और न्यायाधीश एनवी आंजरिया की पीठ ने स्पष्ट किया कि 11 साल की नाबालिग लड़की के स्तनों में हाथ डालना या पजामा का नाड़ा खोलने की कोशिश निश्चित रूप से बलात्कार की कोशिश के दायरे में आएगी.
कोर्ट ने कहा कि यौन अपराधों के मामलों में सभी न्यायाधीशों और न्यायिक व्यवस्था से जुड़े लोगों को ज्यादा संवेदनशील होने की जरूरत है. साथ ही, इस मुद्दे पर विशेषज्ञ समिति गठित करने का भी निर्देश दिया है ताकि ऐसे मामलों में बेहतर समझ और संवेदनशीलता बढ़ सके.
यह मामला 11 साल की एक बच्ची से जुड़ा है, जिसके खिलाफ दो युवकों पर आरोप था कि उन्होंने उसे सुनसान जगह पर ले जाकर स्तनों में हाथ डाला और पजामा का नाड़ा खोलने की कोशिश की.
निचली अदालत ने POCSO एक्ट की धारा 18 (अपराध की कोशिश) और आईपीसी की धारा 376 के तहत कार्रवाई की थी, लेकिन इलाहाबाद हाई कोर्ट ने मार्च 2025 में फैसला दिया था कि यह बलात्कार की कोशिश नहीं, बल्कि केवल यौन उत्पीड़न (धारा 354B IPC और POCSO की धारा 9-10) है.
इस फैसले से देशभर में आक्रोश फैला. 'We the Women of India' संगठन और पीड़िता की मां ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी. कोर्ट ने खुद संज्ञान लेते हुए सुनवाई की और अब इलाहाबाद हाई कोर्ट के फैसले को रद्द कर दिया.
सुप्रीम कोर्ट ने जोर दिया कि ऐसे कृत्यों में अपराधी का इरादा बलात्कार तक पहुंचने का स्पष्ट दिखता है, इसलिए इसे हल्के में नहीं लिया जा सकता.