SC की फार्मा कंपनी को कड़ी फटकार: 'पैसे के लिए देश की छवि को पहुंचाया नुकसान'
नई दिल्ली । डेस्क: सुप्रीम कोर्ट ने उज्बेकिस्तान में जहरीली कफ सिरप के सेवन से 18 से अधिक बच्चों की मौत के मामले में संबंधित फार्मास्यूटिकल कंपनी (मैरियन बायोटेक) को कड़ी फटकार लगाई है. गुरुवार, 19 फरवरी 2026 को मामले की सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश सूर्या कांत, न्यायमूर्ति जोयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ ने कंपनी के रवैये पर सख्त नाराजगी जताते हुए पूछा, "क्या आप समझते हैं कि इस घटना से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की छवि को कितना बड़ा धक्का लगा है?"
अदालत ने नोएडा स्थित इस फर्म और उसके अधिकारियों के खिलाफ जारी समन को रद्द करने से साफ इनकार कर दिया.
पीठ ने टिप्पणी करते हुए कहा, "क्या आप केवल पैसे के लालच में ऐसा काम करते हैं? इस लापरवाही की वजह से पूरे राष्ट्र की छवि खराब हुई है."
सुनवाई के दौरान जब कंपनी के वकील ने दलील दी कि रिकॉर्ड पर ऐसा कोई सबूत नहीं है जो सीधे तौर पर सिरप को मौतों के लिए जिम्मेदार ठहराए, तो बेंच ने तीखा सवाल किया, "क्या आप वाकई महसूस करते हैं कि इससे देश की साख को क्या नुकसान हुआ है?"
यह मामला गौतम बुद्ध नगर के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा जनवरी 2024 में जारी किए गए उस आदेश से जुड़ा है, जिसमें कंपनी और उसके अधिकारियों को ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 के विभिन्न उल्लंघनों के तहत तलब किया गया था.
ड्रग इंस्पेक्टर की शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कंपनी ने "मानक गुणवत्ता के नहीं" (NSQ) पाए गए उत्पादों का निर्माण और बिक्री की, जो मिलावटी और नकली दवाओं की श्रेणी में आते हैं. इससे पहले इलाहाबाद हाईकोर्ट ने भी कंपनी की याचिका खारिज कर दी थी, जिसे अब सुप्रीम कोर्ट ने भी बरकरार रखा है.