SC : मां की जाति के आधार पर भी मिलेगा अनूसूचित जाति प्रमाणपत्र
SC : मां की जाति के आधार पर भी मिलेगा अुसूचित जाति प्रमाणपत्र
नई दिल्ली । डेस्क: सुप्रीम कोर्ट ने जाति प्रमाणपत्र को लेकर एक अहम और दूरगामी फैसला सुनाया है. शीर्ष अदालत ने स्पष्ट किया है कि यदि पिता उच्च जाति का हो और मां अनुसूचित जाति (SC) से संबंधित हो, तो विशेष परिस्थितियों में बच्चों को मां की जाति के आधार पर अनुसूचित जाति का प्रमाणपत्र दिया जा सकता है. इस फैसले को सामाजिक न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
यह फैसला मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जयमाल्य बागची की पीठ ने 8 दिसंबर को सुनाया. अदालत ने कहा कि समय के साथ सामाजिक परिस्थितियां बदली हैं, ऐसे में केवल पिता की जाति के आधार पर ही बच्चों की पहचान तय करना उचित नहीं है. यदि बच्चा मां के सामाजिक परिवेश में पला-बढ़ा है और उसी समुदाय की तरह भेदभाव व वंचना झेली है, तो उसे मां की जाति के आधार पर जाति प्रमाणपत्र से वंचित नहीं किया जा सकता.
मामला पुडुचेरी की एक महिला और उसकी बेटी से जुड़ा है. महिला अनुसूचित जाति ‘आदि द्रविड़’ समुदाय से हैं, जबकि उनके पति उच्च जाति के हैं. इस कारण उनके बच्चों को अब तक अनुसूचित जाति का प्रमाणपत्र नहीं मिल पाया था. बेटी की पढ़ाई में बाधा न आए, इस आधार पर मद्रास हाई कोर्ट ने उसे जाति प्रमाणपत्र देने का निर्देश दिया था. उसी आदेश को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में मामला पहुंचा.
सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट के आदेश में हस्तक्षेप से इनकार करते हुए कहा कि मां की पहचान भी बच्चों के जाति प्रमाणपत्र के लिए पर्याप्त आधार हो सकती है. अदालत ने यह भी जोर दिया कि जाति प्रमाणपत्र के कारण किसी छात्रा की शिक्षा बाधित नहीं होनी चाहिए.
कानूनी जानकारों के अनुसार, यह फैसला इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि अब तक 1964 और 2002 की अधिसूचनाओं तथा पूर्व फैसलों में सामान्य रूप से पिता की जाति को ही बच्चों की जाति माना जाता रहा है. हालांकि 2012 के रमेशभाई दाभाई नाईका बनाम गुजरात सरकार मामले में सुप्रीम कोर्ट ने यह स्पष्ट किया था कि अंतरजातीय विवाह के मामलों में सभी तथ्यों की जांच जरूरी है.
नए फैसले से यह संकेत मिलता है कि यदि अनुसूचित जाति की महिला ने उच्च जाति के व्यक्ति से विवाह किया हो, और बच्चे मां के समुदाय के बीच पले-बढ़े हों, तो वे मां की जाति के आधार पर अनुसूचित जाति का प्रमाणपत्र पाने के हकदार हो सकते हैं. इसे सामाजिक न्याय और समानता की दिशा में एक ऐतिहासिक और व्यावहारिक निर्णय माना जा रहा है.