सुप्रीम कोर्ट ने ईडी को लगाई लताड़
नई दिल्ली । डेस्क: सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्यशैली पर कड़ा रुख अपनाते हुए उसे जमकर फटकार लगाई. कोर्ट ने ईडी पर कथित तौर पर राजनीतिक दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए तल्ख टिप्पणियां कीं और चेतावनी दी कि उसे अपनी सीमाओं में रहकर काम करना चाहिये.
सुप्रीम कोर्ट ने कहा, "हमें अपनी बात कहने के लिए मजबूर न करें, वरना हमें ईडी के खिलाफ सख्त शब्दों का उपयोग करना पड़ेगा."
यह मामला कर्नाटक के मुख्यमंत्री की पत्नी पार्वती के खिलाफ दर्ज ईडी की याचिका से संबंधित था, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया. कोर्ट ने कर्नाटक उच्च न्यायालय के उस फैसले को भी बरकरार रखा, जिसमें एमयूडीए घोटाले के मामले में पार्वती के खिलाफ कार्रवाई पर रोक लगाई गई थी.
मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई और जस्टिस के विनोद चंद्रन की पीठ ने सुनवाई के दौरान ईडी की ओर से पेश हुये अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू को आड़े हाथों लिया.
पीठ ने कहा, "श्रीमान राजू, कृपया हमें ऐसी स्थिति में न डालें कि हमें कड़े शब्द कहने पड़ें. राजनीतिक लड़ाइयों को मतदाताओं के बीच रहने दें, इसमें ईडी का दुरुपयोग क्यों हो रहा है? मैंने महाराष्ट्र में इसका अनुभव किया है, इसे पूरे देश में न फैलायें."
इसके अलावा, सुप्रीम कोर्ट ने एक अन्य मामले में ईडी द्वारा वकीलों को समन भेजने पर भी कड़ी आपत्ति जताई.
कोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेते हुए इस मुद्दे पर सुनवाई की और कहा कि ईडी अपनी सीमाएं लांघ रही है.
पीठ ने टिप्पणी की कि वकीलों को केवल उनके मुवक्किलों को कानूनी सलाह देने के लिए नोटिस भेजना कानूनी पेशे की स्वतंत्रता के लिए खतरा है.
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि ईडी को अपनी कार्रवाइयों में संयम बरतना होगा, ताकि कानून के पेशे की गरिमा बनी रहे