सहमति से बने रिश्ते के बिगड़ने पर दर्ज कराई गई FIR को सुप्रीम कोर्ट ने किया रद्द
नई दिल्ली । डेस्क: सर्वोच्च न्यायालय ने आपसी सहमति से शुरू हुए लेकिन बाद में कड़वाहट में बदले एक रिश्ते से जुड़ी आपराधिक कार्यवाही को रद्द कर दिया है. न्यायमूर्ति जे. बी. पारदीवाला और न्यायमूर्ति के. विनोद चंद्रन की पीठ ने माना कि रिकॉर्ड में मौजूद सामग्री के आधार पर आपराधिक मामला जारी रखना उचित नहीं है.
इसके साथ ही शीर्ष अदालत ने कार्यवाही रद्द करने से इनकार करने वाले उच्च न्यायालय के आदेश को खारिज कर दिया.
यह मामला छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के मणिपुर पुलिस स्टेशन में 5 दिसंबर 2025 को दर्ज एफआईआर संख्या 326 से संबंधित है. शिकायतकर्ता महिला ने यौन उत्पीड़न, मारपीट, शादी से इनकार करने और धमकियों के आरोप लगाए थे. महिला का कहना था कि मई 2024 में उसके साथ गलत काम हुआ, जिसके बाद आरोपी ने शादी का आश्वासन दिया और दोनों के बीच संबंध बने रहे.
दूसरी तरफ, अपीलकर्ता पक्ष का तर्क था कि यह रिश्ता पूरी तरह से आपसी सहमति पर आधारित था और पैसों के विवाद के बाद झूठी शिकायत दर्ज कराई गई.
अदालत ने अपने अवलोकन में पाया कि शुरुआत में यौन संबंध बनाने के लिए शादी का झूठा वादा देकर लुभाने का कोई आरोप नहीं था. पीड़िता के बयान के अनुसार ही शादी की बात घटना के बाद सामने आई थी, जिसे उसने स्वीकार किया था. इसके अलावा, कथित घटनाओं और शिकायत में देरी, सबूतों का अभाव और चिकित्सा रिपोर्ट में दावों की पुष्टि न होना भी अदालत के संज्ञान में आया.
सुप्रीम कोर्ट ने निष्कर्ष निकाला कि इस मामले में मुकदमा जारी रखने से कोई न्यायोचित उद्देश्य पूरा नहीं होगा. शीर्ष अदालत ने माना कि उच्च न्यायालय को दंड प्रक्रिया संहिता (CrPC) की धारा 482 के तहत अपनी शक्तियों का प्रयोग करते हुए इस कार्यवाही को रद्द कर देना चाहिए था.
इसके साथ ही अदालत ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, अंबिकापुर की अदालत में लंबित आपराधिक मामले की पूरी कार्यवाही और आरोप पत्र को रद्द करने का आदेश दे दिया.