कैंसर दवाओं पर SC: 10 गुना अधिक MRP को बताया 'दिनदहाड़े डकैती'
नई दिल्ली । डेस्क: कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए इस्तेमाल होने वाली जरूरी दवाओं की बेतहाशा कीमतों और एमआरपी में भारी अंतर पर सुप्रीम कोर्ट ने बेहद कड़ा रुख अपनाया है. शीर्ष अदालत ने दवा कंपनियों और रिटेलरों के इस रवैये पर भारी नाराजगी जताते हुए इसे मरीजों के साथ "दिनदहाड़े डकैती" और "एक्सटॉर्शन" (वसूली) करार दिया है.
मामले की सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति संदीप मेहता की पीठ उस वक्त हैरान रह गई जब उन्हें बताया गया कि कैंसर की एक बेहद जरूरी दवा, जो रिटेलर को महज ₹2,700 (PTR) में मिलती है, उसकी प्रिंटेड एमआरपी (MRP) ₹27,000 तय की गई है. यानी मरीजों से लागत से 10 गुना अधिक कीमत वसूली जा रही है.
सुप्रीम कोर्ट ने इस पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इलाज कराने के लिए लोग अपने घर और गहने तक बेचने को मजबूर हो जाते हैं. ऐसे में मरीजों से इस तरह की खुली लूट होना बेहद हैरान करने वाला है.
पीठ ने इस बात पर भी सवाल उठाया कि जिन जिम्मेदार अधिकारियों को इस तरह की कालाबाजारी और अनुचित व्यापार प्रथाओं पर लगाम लगानी चाहिए, वे आखिर इस पर चुप क्यों हैं?
यह पूरी टिप्पणी अदालत में दाखिल दो अलग-अलग याचिकाओं की सुनवाई के दौरान आई.
इन याचिकाओं में दवा सप्लाई चेन में पारदर्शिता लाने, दवाओं के मूल्य नियंत्रण (DPCO, 2013) के कड़े क्रियान्वयन और जेनेरिक दवाओं के अनिवार्य पर्चे से जुड़े मुद्दे उठाए गए हैं.
केंद्र सरकार की ओर से पेश हुए एडिशनल सॉलिसिटर जनरल ने अदालत को आश्वस्त किया कि सरकार इस मामले को विरोधी याचिका के रूप में नहीं ले रही है और इस दिशा में सहयोग करेगी. दवाओं के मूल्य निर्धारण के इस संवेदनशील मुद्दे पर अब सुप्रीम कोर्ट 29 सितंबर को अगली सुनवाई करेगा.