SC: चैतन्य बघेल की याचिका पर जनवरी में सुनवाई होगी
नई दिल्ली । डेस्क: उच्चतम न्यायालय ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल द्वारा अपनी गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई गुरुवार को टाल दी. शीर्ष अदालत ने स्पष्ट किया कि इस मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर टुकड़ों में सुनवाई नहीं की जा सकती, इसलिए अब इस पर अगले साल जनवरी के पहले सप्ताह में विस्तार से चर्चा होगी.
न्यायमूर्ति सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जोयमाल्य बागची की पीठ के समक्ष सुनवाई के दौरान चैतन्य बघेल की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने केंद्रीय जांच एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाए.
सिब्बल ने तर्क दिया कि एजेंसियां 'चुन-चुनकर' कार्रवाई कर रही हैं और जांच के नाम पर बिना किसी अंतिम नतीजे के बार-बार गिरफ्तारियां की जा रही हैं. उन्होंने कोर्ट से मांग की कि मामले के लंबित रहने तक कोई भी दंडात्मक कदम न उठाया जाए.
वहीं, प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से पेश वकील जोहेब हुसैन ने याचिका का विरोध करते हुए कहा कि चैतन्य बघेल की जमानत याचिका पर छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में सुनवाई पूरी हो चुकी है और फैसला सुरक्षित रखा गया है.
उन्होंने दलील दी कि जब आरोपी पहले से ही हिरासत में है, तो दंडात्मक कार्रवाई रोकने की मांग का कोई औचित्य नहीं है.
उल्लेखनीय है कि चैतन्य बघेल को 18 जुलाई को शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया गया था. उन्होंने अपनी गिरफ्तारी के साथ-साथ पीएमएलए (PMLA) की धारा 50 सहित कई अन्य प्रावधानों की संवैधानिक वैधता को भी चुनौती दी है.
छत्तीसगढ़ में महादेव सट्टेबाजी ऐप, कोयला और शराब घोटाले जैसे कई मामलों की जांच वर्तमान में ईडी और सीबीआई द्वारा की जा रही है, जो पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान के बताए जा रहे हैं.