SC: अरुणाचल CM के करीबियों को मिले ठेकों की होगी CBI जांच
नई दिल्ली । डेस्क: सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को एक बड़ा फैसला सुनाते हुए अरुणाचल प्रदेश में सार्वजनिक निर्माण कार्यों के ठेकों के आवंटन में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच के आदेश दिए हैं. न्यायमूर्ति विक्रम नाथ की अध्यक्षता वाली पीठ ने केंद्रीय जांच ब्यूरो को दो सप्ताह के भीतर प्रारंभिक जांच दर्ज करने का निर्देश दिया है.
यह मामला मुख्यमंत्री पेमा खांडू के परिवार के सदस्यों से जुड़ी कंपनियों को कथित तौर पर करोड़ों रुपये के ठेके दिए जाने से संबंधित है.
अदालत ने स्पष्ट किया कि सीबीआई 1 जनवरी 2015 से 31 दिसंबर 2025 के बीच राज्य में आवंटित और निष्पादित किए गए सभी सार्वजनिक कार्यों और वर्क ऑर्डर्स की जांच करेगी.
इसके साथ ही जांच एजेंसी को 16 सप्ताह के भीतर अपनी स्टेटस रिपोर्ट पेश करने को कहा गया है.
याचिकाकर्ता एनजीओ 'सेव मोन रीजन फेडरेशन' और 'वॉलंटरी अरुणाचल सेना' की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण ने दलील दी कि पिछले एक दशक में मुख्यमंत्री के रिश्तेदारों के स्वामित्व वाली चार कंपनियों को लगभग 1,270 करोड़ रुपये के ठेके दिए गए.
इस मामले में मुख्यमंत्री पेमा खांडू के अलावा उनके दिवंगत पिता और पूर्व मुख्यमंत्री दोरजी खांडू की दूसरी पत्नी रिनचिन द्रेमा और उनके भतीजे त्सेरिंग ताशी को भी प्रतिवादी बनाया गया है.
याचिका में आरोप लगाया गया है कि रिनचिन द्रेमा की फर्म 'ब्रांड ईगल्स' को हितों के टकराव के बावजूद बड़ी संख्या में सरकारी अनुबंध दिए गए. हालांकि, राज्य सरकार ने इन आरोपों को "प्रायोजित मुकदमेबाजी" करार दिया है, लेकिन शीर्ष अदालत ने आरोपों की गंभीरता को देखते हुए अब मामले की कमान सीबीआई को सौंप दी है.