SC: अनवर ढेबर को मिली अंतरिम जमानत, राज्य से बाहर रहने की शर्त
नई दिल्ली । डेस्क: छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड (CSMCL) में कथित भ्रष्टाचार और अवैध कमीशन सिंडिकेट से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट से कारोबारी अनवर ढेबर को बड़ी राहत मिली है. शीर्ष अदालत ने बुधवार को सुनवाई करते हुए अनवर ढेबर को अंतरिम जमानत दे दी. हालांकि, कोर्ट ने जमानत की शर्त के तौर पर ढेबर को छत्तीसगढ़ राज्य से बाहर रहने और ट्रायल के दौरान अदालत में उपस्थित होने का निर्देश दिया है.
प्रधान न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने सुनवाई के दौरान निर्देश दिया कि अंतरिम जमानत मिलने के बाद ढेबर जहां भी रहेंगे, उन्हें उस पते की पूरी जानकारी अदालत को देनी होगी. इस मामले में ढेबर की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता मुकुल रोहतगी और छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता महेश जेठमलानी ने पक्ष रखा.
इससे पहले 13 मई को छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने ढेबर की जमानत याचिका खारिज कर दी थी. हाई कोर्ट ने सख्त टिप्पणी करते हुए कहा था कि आरोप सरकारी निगम के भीतर एक 'गहरी और संस्थागत भ्रष्टाचार प्रणाली' की ओर इशारा करते हैं.
हाई कोर्ट का मानना था कि सार्वजनिक धन से जुड़े आर्थिक अपराध देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाते हैं, इसलिए इन्हें गंभीरता से लिया जाना चाहिए. जांच में यह बात सामने आई थी कि मैनपावर सप्लाई करने वाली एजेंसियों से उनके जायज बिलों के भुगतान के बदले जबरन अवैध कमीशन वसूला जाता था.
यह मामला आर्थिक अपराध शाखा/एंटी करप्शन ब्यूरो (EOW/ACB) द्वारा भारतीय दंड संहिता और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज किया गया है. अभियोजन पक्ष के अनुसार, CSMCL में एक संगठित नेटवर्क काम कर रहा था, जहां बिचौलियों के जरिए कमीशन की रकम वसूली जाती थी. सुप्रीम कोर्ट द्वारा अंतरिम जमानत दिए जाने से इस मामले में ढेबर को फिलहाल फौरी राहत मिल गई है.