नशीली कफ सिरप सप्लाई: लातेहार से मुख्य सप्लायर गिरफ्तार
बलरामपुर । संवाददाता: झारखंड-छत्तीसगढ़ सीमा पर नशीली दवाओं की अवैध तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की कुसमी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है और झारखंड के लातेहार जिले से एक कथित सप्लायर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
पकड़ा गया आरोपी दामोदर प्रसाद (59 वर्ष) लातेहार के महुआडांड़ में बस स्टैंड रोड का निवासी है. पुलिस अब इस अवैध कारोबार की पूरी चेन को खंगालने और इससे जुड़े अन्य नेटवर्क के लोगों की तलाश में जुट गई है.
इस कार्रवाई की शुरुआत एक स्थानीय संदिग्ध की गिरफ्तारी से हुई थी. कुसमी पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि आसिफ अंसारी उर्फ बबलू नाम का व्यक्ति क्षेत्र में नशीली कफ सिरप बेचने की फिराक में घूम रहा है.
इस खबर के आधार पर पुलिस टीम ने एकलव्य स्कूल के पास मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर उसे धर दबोचा. तलाशी लेने पर उसके पास से 'विंग्स' कंपनी की 100 एमएल वाली ONEREX कफ सिरप की 13 शीशियां बरामद हुईं, जिनमें कोडाइन फॉस्फेट और ट्राईप्रोलिडीन हाइड्रोक्लोराइड मिला हुआ था. जब्त सिरप की बाजार कीमत लगभग 2,619.50 रुपये आंकी गई.
सिरप के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस पेश न कर पाने पर पुलिस ने आरोपी आसिफ को हिरासत में लेकर एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 21(C) के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया था.
इसके बाद जब पुलिस ने आरोपी के मोबाइल संपर्कों और कॉल डिटेल्स की बारीकी से जांच की, तो इस पूरे खेल के पीछे दामोदर प्रसाद का नाम सप्लायर के रूप में उजागर हुआ.
पूछताछ में दोनों के बीच मोबाइल के जरिए लगातार संपर्क में रहने और कफ सिरप की सप्लाई किए जाने की पुष्टि हुई. पर्याप्त सबूत जुटाने के बाद पुलिस ने आरोपी को लातेहार से गिरफ्तार किया और अदालत में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया.