सनी देओल की 'बॉर्डर 2' ने 15 दिनों में 400 करोड़ के पार
मुंबई । डेस्क: सनी देओल की मोस्ट अवेटेड वॉर ड्रामा 'बॉर्डर 2' बॉक्स ऑफिस पर अपनी सुनामी जारी रखे हुए है. ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म ने अपनी रिलीज के महज 15 दिनों के भीतर वैश्विक स्तर पर 400 करोड़ रुपये का जादुई आंकड़ा पार कर लिया है. फिल्म की इस जबरदस्त सफलता ने इसे साल की सबसे बड़ी हिट्स की फेहरिस्त में शामिल कर दिया है.
इंडस्ट्री ट्रैकिंग पोर्टल सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, 'बॉर्डर 2' ने भारत में 355 करोड़ रुपये और विदेशों में 52 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है. घरेलू स्तर पर फिल्म की पकड़ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसका नेट कलेक्शन अब तक 297.25 करोड़ रुपये हो चुका है.
फिल्म ने अपने पहले हफ्ते में 244.97 करोड़ और दूसरे हफ्ते में 70.15 करोड़ रुपये बटोरे थे, जबकि तीसरे हफ्ते के शुक्रवार को इसने 2.85 करोड़ रुपये की कमाई के साथ अपनी रफ्तार बरकरार रखी है.
अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, जेपी दत्ता और निधि दत्ता ने किया है. 1997 की कल्ट क्लासिक 'बॉर्डर' की इस अगली कड़ी में सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ, अहान शेट्टी और मोना सिंह जैसे कलाकारों ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं.
दूसरी ओर, रानी मुखर्जी की 'मर्दानी 3' भी सिनेमाघरों में टिकी हुई है. अभिराज मीनावाला द्वारा निर्देशित इस कॉप थ्रिलर ने आठ दिनों में वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर 40 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. घरेलू बाजार में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 33.25 करोड़ रुपये रहा है, वहीं विदेशों से इसने 8 करोड़ रुपये की कमाई की है.