सुकमा: जंगल से भारी मात्रा में हथियार और 492 कारतूस बरामद
सुकमा । संवाददाता: बस्तर के सुकमा जिले के भंडारपदर-मुनुरकोंडा के जंगलों में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है. आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों से मिली सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर बस्तर पुलिस, डीआरजी (DRG) और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने नक्सलियों के गुप्त ठिकाने को ध्वस्त कर हथियारों और विस्फोटकों का एक बड़ा जखीरा बरामद किया है.
इस संयुक्त तलाशी अभियान में पुलिस को एसएलआर (SLR) राइफल, 6 बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (BGL), .315 बोर राइफल, .410 मस्कट, 5 बारह-बोर राइफलों समेत कई देसी हथियार मिले हैं. इसके साथ ही मौके से 492 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं, जिनमें एके-47, एसएलआर, इंसास और .303 के कारतूस शामिल हैं.
सुकमा पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के अनुसार, यह ठिकाना पहले नक्सलियों की किस्टाराम-कोंटा एरिया कमेटी का प्रभाव क्षेत्र हुआ करता था.
वरिष्ठ नक्सली कैडर ने भविष्य में उपयोग और बैकअप रिजर्व के तौर पर इन हथियारों को घने जंगलों में छुपा रखा था. हालांकि, संगठन का प्रभाव तेजी से घटने के बावजूद सुरक्षा बल लगातार इन इलाकों में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं, जिससे नक्सलियों के बड़े नेटवर्क को नाकाम किया जा रहा है.