छात्रा अपहरण कांड: बलरामपुर पुलिस अधीक्षक से गुहार
बलरामपुर । डेस्क: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के रघुनाथनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सरना से एक कॉलेज छात्रा के अपहरण का सनसनीखेज मामला तूल पकड़ता जा रहा है. अपहृत छात्रा हिना परवीन के पिता औरंगजेब खान ने जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है.
उन्होंने एक लिखित आवेदन सौंपकर अपनी पुत्री की सुरक्षित बरामदगी और दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. घटना के अनुसार, 20 फरवरी 2026 को छात्रा कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी, तभी रास्ते में बोलेरो सवार कुछ युवकों ने उसे जबरन अगवा कर लिया.
पीड़ित परिवार ने ग्राम सरना निवासी विकास साहू और आनंद प्रजापति उर्फ चुम्मालाल सहित उनके साथियों पर इस वारदात को अंजाम देने का सीधा आरोप लगाया है.
परिजनों को अंदेशा है कि छात्रा को सीमावर्ती राज्य मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के बैढ़न इलाके में छिपाकर रखा गया है.
पिता ने अपनी शिकायत में पुलिसिया कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि रघुनाथनगर थाने में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं और जांच में अपेक्षित तेजी नहीं दिखाई दे रही है.
लंबे समय से सुराग न मिलने के कारण परिवार किसी अनहोनी की आशंका से डरा हुआ है. इस संवेदनशील मामले को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भी भारी आक्रोश व्याप्त है, जो जल्द से जल्द छात्रा की घर वापसी और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.