कथावाचक पंडित नरेन्द्र शास्त्री यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार
महासमुंद । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले की बागबाहरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जाने-माने कथावाचक और ज्योतिषाचार्य पंडित नरेन्द्र शास्त्री को गिरफ्तार किया है. आरोपी के खिलाफ एक महिला ने यौन उत्पीड़न की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, जिस पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की और यह कदम उठाया.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पकड़े गए नरेन्द्र शास्त्री मूल रूप से रायपुर के सिलयारी इलाके के रहने वाले हैं और वे अपनी कथावाचिका और ज्योतिष विद्या के लिए काफी चर्चित हैं.
इस पूरे मामले को लेकर महासमुंद पुलिस ने एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर गिरफ्तारी की पुष्टि तो की है, लेकिन मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फिलहाल किसी भी तरह का विस्तृत बयान देने से साफ इनकार कर दिया है.
पुलिस प्रशासन का मानना है कि यह मामला बेहद हाई प्रोफाइल हो सकता है, जिसके कारण हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है.